दुनिया

London Southall Stabbing: लंदन के साउथहॉल में भारतीय मूल के गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने सात लोगों से की पूछताछ

London Southall Stabbing: लंदन के साउथहॉल इलाके में भारतीय मूल के 30 वर्षीय व्यक्ति गुरभेज सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। गंभीर रूप से घायल गुरभेज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ब्रिटिश पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश के लिए चश्मदीदों व सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।

Image

लंदन के साउथहॉल में भारतीय मूल के गुरभेज सिंह की हत्या।

Photo : Twitter

London Southall Stabbing: लंदन स्थित साउथहॉल इलाके में भारतीय मूल के एक 30 वर्षीय व्यक्ति,गुरभेज सिंह (Gurbhej Singh) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। ब्रिटिश पुलिस ने इस मामले में हत्या (Murder) का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरभेज को डॉर्मर्स वेल्स लेन के जंक्शन के पास नॉर्थ रोड पर चाकू मारा गया। घटनास्थल पर एक और व्यक्ति घायल अवस्था में मिला, जिसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया और बाद में उसे छुट्टी दे दी गई।

लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस को साउथहॉल के एक रिहायशी इलाके में चाकूबाजी होने की सूचना मिली थी। जब आपातकालीन सेवाएं और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने गुरभेज सिंह को गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाया। उनके शरीर पर चाकू के गहरे जख्म थे। पैरामेडिक्स और डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही गुरभेज सिंह को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका और घटनास्थल पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस जांच और चश्मदीदों की तलाश

इस वारदात के बाद स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटाने में लगी हैं। जासूसों की एक विशेष टीम इस हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावर का पता लगाया जा सके। अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सात लोगों से हुई पूछताछ

हत्या के संदेह में घटनास्थल से 20 से 30 वर्ष की आयु के सात पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। आगे की पूछताछ के बाद, छह को बिना किसी और कार्रवाई के रिहा कर दिया गया, जबकि एक व्यक्ति को जमानत दे दी गई है और उसे बाद में पेश होना होगा। साउथहॉल इलाके में बड़ी संख्या में भारतीय और विशेषकर सिख समुदाय के लोग रहते हैं। इस घटना के बाद से स्थानीय भारतीय प्रवासियों और समुदाय के लोगों में भारी शोक और चिंता का माहौल है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article