नॉर्थ कोरिया (North Korea) का तानाशाह किम जोंग उन (Kim Jong Un) के खतरनाक मंसूबे अब सबके सामने आ रहे हैं। किम जोंग ने दावा किया है कि उसका एकमात्र लक्ष्य नॉर्थ कोरिया को दुनिया का सबसे शक्तिशारी परमाणु संपन्न देश बनाना है। इसके लिए खुद तानाशाह किम जोंग ने मोर्चा संभाल रखा है और मिसाइलों का लगातार परीक्षण करवा रहे हैं।
नॉर्थ कोरिया की मीडिया के अनुसार तानाशाह ने उन वैज्ञानिकों और सैन्य अधिकारियों को प्रमोट किया है, जो इन दिनों बैलिस्टिक मिसाइल के विकास में जुटे हैं। नॉर्थ कोरिया ने हाल ही में अपनी सबसे खतरनाक बैलिस्टिक मिसाइल ह्वासोंग-17 का परीक्षण किया है। इस मिसाइल के परीक्षण के बाद से अमेरिका भी चिंतित है। रॉयटर्स के अनुसार किम जोंग ने अपने आदेश में कहा- "परमाणु हथियार का निर्माण राज्य और लोगों की गरिमा और संप्रभुता की मजबूती से रक्षा करने के लिए है। हमारा अंतिम लक्ष्य उत्तर कोरिया को दुनिया का सबसे शक्तिशाली परमाणु शक्ति देश बनाना।"
किम ने ह्वासोंग-17 को दुनिया का सबसे मजबूत सामरिक हथियार कहा है। किम ने कहा- "उत्तर कोरिया के वैज्ञानिकों ने बैलिस्टिक मिसाइलों पर परमाणु हथियार लगाने की तकनीक के विकास में एक अद्भुत छलांग लगाई है।"
परीक्षण में शामिल वैज्ञानिकों, इंजीनियरों, सैन्य अधिकारियों और अन्य लोगों के साथ फोटो खिंचवाते हुए किम ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि वे तेज गति से देश के परमाणु हथियार कार्यक्रम का विकास करते रहेंगे। इस दौरान मिसाइल सिस्टम पर काम करने वाले वैज्ञानिकों और कर्मचारियों ने किम जोंग के प्रति वफादारी का संकल्प भी लिया।
