दुनिया

ल्यारी के डॉन उजैर बलोच के भाई को Unknown Gunman ने छाती में मारी गोली

पाकिस्तान के कराची में गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। अज्ञात बंदूकधारियों ने जुबैर के सीने और पेट में गोली मार दी। पुलिस गैंगवार और निजी दुश्मनी सहित कई एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Image

उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच को कराची में मारी गई गोली

पाकिस्तान के कराची में कुख्यात गैंगस्टर और प्रतिबंधित पीपुल्स अमन कमेटी के प्रमुख रहे उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच को कल यानी गुरुवार शाम अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। हमले में जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। पाकिस्तानी अखबार डॉन के मुताबिक, जुबैर के सीने और पेट में गोलियां लगी हैं और उसे कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जुबैर बलोच पर हुई इस गोलीबारी में दो राहगीर भी घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जुबैर को निशाना बनाया। दोनों ने अपने चेहरे ढेके हुए थे। इस घटना के बाद एक दुकानदार की तरफ से जवाबी फायरिंग किए जाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सैयद असद रजा ने बताया कि वारदात के समय जुबैर अपने घर के बाहर मौजूद था।

गैंगवार या निजी दुश्मनी, कई एंगल से जांच

कराची पुलिस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है। इनमें गैंगवार और व्यक्तिगत दुश्मनी के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। घटना के बाद कराची के ल्यारी इलाके में फिर से गैंग वार बढ़ने की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है।

यहां एक सामाजिक कार्यकर्ता ने डॉन को बताया कि जुबैर कुछ महीने पहले एक राजनीतिक दल से जुड़ा था और इलाके में उसके झंडे भी लगाए गए थे। कार्यकर्ता ने दावा किया कि कराची ऑपरेशन के बाद दुबई और ईरान भागे कुछ गैंगस्टरों के वापस लौटने की भी चर्चाएं हैं।

2012 में गिरफ्तार हुआ था जुबैर

रिपोर्ट्स के अनुसार, जुबैर बलोच को साल 2012 में गिरफ्तार किया गया था और पिछले साल जनवरी में ही रिहा किया गया। उसके भाई उजैर बलोच के खिलाफ हत्या, पुलिस मुठभेड़ और विस्फोटक रखने सहित कई मामलों में मुकदमे चल रहे हैं। मार्च में पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत ने सात मामलों में उसकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं।

अप्रैल 2020 में एक अदालत ने उजैर बलोच को जासूसी के मामले में दोषी ठहराते हुए 12 साल की सजा सुनाई थी। भारतीय फिल्म धुरंधर में अभिनेता डेनिश पंडोर ने उजैर बलोच का किरदार निभाया था।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article