दुनिया

कमला हैरिस राष्ट्रपति, तो डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से कौन होगा उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार? रेस में ये 6 नेता

US Presidential Election: अमेरिका में होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होती जा रही है। डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित कर दिया गया है। वहीं सूत्रों ने दावा किया है कि हैरिस उपराष्ट्रपति पद के लिए पार्टी के छह संभावित प्रत्याशियों का इंटरव्यू ले रहीं।

Image

कमला हैरिस।

America Chunav: भारतीय-अफ्रीकी मूल की अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को शुक्रवार को डेमोक्रेटिक पार्टी ने अपना राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित कर दिया है। अमेरिका की मौजूदा उपराष्ट्रपति कमला हैरिस आगामी चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा से पहले इस हफ्ते के अंत में छह संभावित प्रत्याशियों का इंटरव्यू ले रही हैं और अगले सप्ताह अपने सहयोगी के साथ चुनावी दौरे पर जाएंगी।

उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए रेस में कौन-कौन?

  1. केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर
  2. इलिनोइस के जे बी प्रिट्जकर
  3. पेंसिल्वेनिया के जोश शापिरो
  4. मिनेसोटा के टिम वाल्ज
  5. एरिजोना के सीनेटर मार्क केली
  6. परिवहन मंत्री पीट बटिगिएग

कमला हैरिस की चयन प्रक्रिया की जानकारी रखने वाले दो लोगों के अनुसार, जिन लोगों का वह साक्षात्कार ले रही है उसमें केंटकी के गवर्नर एंडी बेशर, इलिनोइस के जे बी प्रिट्जकर, पेंसिल्वेनिया के जोश शापिरो और मिनेसोटा के टिम वाल्ज के साथ-साथ एरिजोना के सीनेटर मार्क केली और परिवहन मंत्री पीट बटिगिएग शामिल हैं।

उम्मीदवार के रेस में शापिरो और केली का पलड़ा भारी नजर

साक्षात्कार के दौरान शापिरो और केली का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। मंगलवार तक उपराष्ट्रपति पद के लिए प्रत्याशी चयनित करने का लक्ष्य रखा गया है और इसी दिन हैरिस सात प्रमुख राज्यों के चुनाव दौरे पर जाएंगी जो कि फिलाडेल्फिया से शुरू होगा। राष्ट्रपति जो बाइडन ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि उन्होंने उपराष्ट्रपति पद के पार्टी के उम्मीदवार के चयन को लेकर हैरिस से बात की थी। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने कोई सलाह दी है कि उन्हें अपने सहयोगी में कौन से गुण देखने चाहिए तो इस पर बाइडन ने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई।

कमला हैरिस डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति उम्मीदवार घोषित

कमला हैरिस अमेरिका में पांच नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनावों में रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का सामना करेंगी। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार घोषित करने पर उन्होंने खुशी जताई। उपराष्ट्रपति हैरिस ने कहा, मैं अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने पर गौरवान्वित हूं। मैं अगले सप्ताह आधिकारिक रूप से नामांकन स्वीकार करूंगी। यह अभियान लोगों को एकजुट करने और देश प्रेम दिखाने का है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article