दुनिया

'ये दोनों लोग मेरे पसंदीदा...', अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने बताया कौन हैं भारत-पाक में उनके फेवरेट?

स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच चल रही महत्वपूर्ण वार्ता के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कई अहम बयान दिए। उन्होंने बातचीत की प्रगति, क्षेत्रीय शांति प्रयासों और कूटनीतिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने अपने फेवरेट भारतीय और पाकिस्तानी लोगों के नाम भी बताए।

Image

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (फाइल फोटो)

Photo : ANI

JD Vance: अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने रविवार को अपने जीवन के दो सबसे पसंदीदा भारतीय और पाकिस्तानी लोगों के बारे में बताया। स्विट्जरलैंड में अमेरिका-ईरान के बीच चल रही वार्ता के दौरान मीडिया से बातचीत में जेडी वेंस ने हल्के-फुल्के अंदाम में कहा कि, "मैं यह हमेशा कहता हूं कि मेरी जिंदगी में दो बेहद महत्वपूर्ण शख्सियतें हैं। एक भारतीय हैं और दूसरे पाकिस्तानी। भारतीय मेरी पत्नी उषा वेंस हैं और पाकिस्तानी फील्ड मार्शल आसिम मुनीर हैं।"

तकनीकी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा

वार्ता को लेकर जेडी वेंस ने कहा कि फिलहाल सभी पक्ष समझौते से जुड़े तकनीकी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह बातचीत भले ही सभी मतभेदों को पूरी तरह समाप्त न कर सके, लेकिन इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पहली बार सभी संबंधित पक्ष एक साथ बैठकर समाधान तलाशने का प्रयास कर रहे हैं। वेंस ने कहा कि इस प्रक्रिया से यह समझने में मदद मिलेगी कि हर पक्ष की प्रमुख चिंताएं क्या हैं, उन पर सहमति कैसे बनाई जा सकती है और किस तरह आगे बढ़कर बेहतर और सकारात्मक भविष्य का रास्ता तैयार किया जा सकता है।

राजनीतिक नेतृत्व से संपर्क करने की पूरी स्वतंत्रता

जेडी वेंस ने कहा कि संबंधित देशों के राजनीतिक प्रतिनिधि वार्ता स्थल पर इसलिए मौजूद हैं ताकि तकनीकी स्तर पर होने वाली चर्चाओं को स्पष्ट दिशा दी जा सके और बातचीत में शामिल टीमों को यह भरोसा मिल सके कि उन्हें नेतृत्व का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि अगर वार्ता के दौरान किसी भी प्रकार की रुकावट आती है, तो टीमों को उसे दूर करने के लिए सीधे उनसे संपर्क करने की पूरी स्वतंत्रता होगी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने यह भी स्वीकार किया कि समझौते तक पहुंचने के लिए अभी कई महत्वपूर्ण चरण बाकी हैं, लेकिन सभी पक्ष इस प्रक्रिया को सकारात्मक नजरिए से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों के दौरान बातचीत में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे आगे की वार्ता के लिए उत्साह और उम्मीद बढ़ी है।

नए समाधान तलाशने की पूरी जिम्मेदारी

जेडी वेंस ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पूरे मध्य पूर्व क्षेत्र में स्थायी युद्धविराम स्थापित कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह के समझौते अक्सर जटिल होते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में लेबनान में युद्धविराम को बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली है। वेंस के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ाने और नए समाधान तलाशने की पूरी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब स्थिति ऐसी बन रही है जिसमें सभी देश मिलकर शांति और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सहयोग कर सकते हैं।

मसूद पेजेश्कियान ने कुछ अहम शर्तों पर चर्चा की

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि ईरान लंबे समय से क्षेत्रीय अस्थिरता का एक प्रमुख कारण रहा है, हालांकि अब मध्य पूर्व में स्थिति को कूटनीति के जरिए बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह संभव है कि भविष्य में मध्य पूर्व के देशों के बीच संबंधों को स्थायी रूप से नया रूप दिया जा सके। इस बीच, अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधियों के बीच बातचीत में कतर के मध्यस्थों की भागीदारी से त्रिपक्षीय बैठक भी आयोजित की गई। वार्ता शुरू होने से पहले मसूद पेजेश्कियान ने कुछ अहम शर्तों पर चर्चा की और यह जानकारी सामने आई कि ईरान ने अमेरिका को लिखित आश्वासन दिया है कि वह परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा। वहीं दूसरी ओर, अमेरिका ने कतर के बैंकों में जमा करीब 6 अरब डॉलर की फ्रीज की गई राशि को ईरान को वापस करने पर सहमति जताई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article