New Delhi: विदेश मंत्री एस जयशंकर (S. Jaishankar) ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में पाकिस्तान (Pakistan) को जमकर खरी-खरी सुनाई। जयशंकर ने पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र बताया.. जयशंकर ने पाकिस्तान को सख्त लहजे में आतंकवाद (Terrorism) बंद करने को कहा। जयशंकर ने पाकिस्तान की पूर्व मंत्री हिना रब्बानी खान (Hina Rabbani Khar) के भारत को दुष्ट बताने वाले बयान पर भी पलटवार किया और कहा कि दुनिया पाकिस्तान का सच जानती है और इस बात से कोई भी बेखबर नहीं है कि आतंकवाद को कौन बढ़ावा दे रहा है।
पाकिस्तानी रिपोर्टर को सुनाई खरी-खरी
UNSC में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पाकिस्तान के एक रिपोर्टर ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से सवाल किया कि भारत, पाकिस्तान और अफगानिस्तान कब तक आतंक को बढ़ावा देते रहेंगे? इस पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तानी रिपोर्टर को हकीकत का आईना दिखाया और ये सवाल पाकिस्तान के मंत्रियों से पूछने को कहा। जयशंकर ने कहा, 'आप गलत मंत्री से पूछ रहे हैं.. इसका जवाब आपको पाकिस्तान के मंत्री देंगे कि पाक कब तक आतंकवाद को बढ़ावा देना चाहता है। दुनिया बेवकूफ नहीं है..और दुनिया उन देशों को जानती है जो आतंकवाद में लिप्त हैं... मेरी सलाह है कि कृपया अपने हरकतों से बाज आएं और अच्छे पड़ोसी बनने की कोशिश करें, आशा है कि आपके चैनल के माध्यम से संदेश जाएगा।'
क्या कहा था जयशंकर
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, 'हिना रब्बानी खान से एक बार हिलेरी क्लिंटन ने कहा था कि अगर आप अपने बैकयार्ड में सांप पालते हैं तो जरूरी नहीं कि ये सिर्फ पड़ोसियों को ही डसेगा आखिर में ये पालने वाले को भी डसेगा. आपको पता है कि पाकिस्तान सही सलाह नहीं मानता, और आप देख सकते हैं कि वहां क्या हो रहा है. वो जो कह रहे हैं.. देखिए, सच ये है कि दुनिया पाकिस्तान को आतंकवाद का केंद्र मानती हैं।'
