दुनिया

US Iran Ceasefire Deal: 'अस्थाई सीजफायर' पर इजराइल के मन में 'संदेह', ट्रंप की भूमिका को देखते हुए इसे मानने को राजी

US Iran Ceasefire Deal:सूत्रों का कहना है कि इस सीजफायर डील में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को देखते हुए वह इस समझौते का सम्मान करेगा। इस सीजफायर डील के लिए इजराइल पूरी तरह से तैयार नहीं था

Image

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू।

Photo : AP

US Iran Ceasefire Deal: ईरान के साथ अमेरिका की सीजफायर डील तो हो गई है लेकिन इस दो सप्ताह के समझौते को लेकर इजराइल के मन में संदेह है। सीएनएन ने इस मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से कहा है कि इजराइल को इस सीजफायर को लेकर अपनी चिंताएं हैं। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि इस सीजफायर डील में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को देखते हुए वह इस समझौते का सम्मान करेगा। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि इस सीजफायर डील के लिए इजराइल पूरी तरह से तैयार नहीं था क्योंकि ईरान में वह अभी और ठिकानों को निशाना और सैन्य कार्रवाई के जरिए लक्ष्यों को हासिल करना चाहता था।

ट्रंप हमारे नेता हैं, मैं उनका सम्मान करता हूं-नेतन्याहू

रिपोर्ट के मुताबिक मध्य मार्च में इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से संभावित सीजफायर के बारे में जब पूछा गया था तो उन्होंने उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि ट्रंप 'नेता' हैं और वह उनके 'सहयोगी' हैं। बीते 18 मार्च को नेतन्याहू ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 'अंततः, राष्ट्रपति ट्रंप अपने फैसले खुद लेते हैं और क्या मैं उनका सम्मान करता हूं? हां, मैं करता हूं।'

donald trump

donald trump

इस्लामाबाद में आगे की वार्ता होगी

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक अस्थायी सीजफायर की घोषणा होने के बाद ईरान की सुप्रीम नेशनल सेक्युरिटी काउंसिल (SNSC) ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आगे की वार्ता होगी और इसमें सीजफायर डील के ब्योरों को अंतिम रूप दिया जाएगा। बयान में यह भी कहा गया कि राजनीतिक बातचीत में युद्ध क्षेत्र में ईरान की जीत को जगह मिले यह भी सुनिश्चित किया जाएगा। बयान में कहा गया है कि

अमेरिका ने निम्न बातों पर सहमति जताई है-

  • ईरान के खिलाफ अपनी 'आक्रामकता' दोबारा न दोहराने की गारंटी
  • स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान के नियंत्रण को जारी रखने की अनुमति
  • यूरेनियम संवर्धन को स्वीकार करना
  • सभी प्राथमिक और द्वितीयक प्रतिबंधों को हटाना
  • यूएनएससी एवं अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के सभी प्रस्तावों को समाप्त करना
  • ईरान को मुआवजा देना
  • क्षेत्र से अमेरिकी लड़ाकू बलों की वापसी
  • और सभी मोर्चों पर युद्ध को समाप्त करना, जिसमें लेबनान की इस्लामिक प्रतिरोध के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल है।

सीजफायर डील पर ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने फैसले के पीछे के कारण बताते हुए एक विस्तृत बयान साझा किया। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ बातचीत के आधार पर, और जिसमें उन्होंने अनुरोध किया कि मैं ईरान को भेजी जा रही विनाशकारी शक्ति को आज रात रोक दूं। इस्लामिक गणराज्य ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने की की शर्त पर मैं दो सप्ताह की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को निलंबित करने के लिए सहमत हूं। यह एक दोतरफा युद्धविराम होगा!"

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article