US Iran Ceasefire: अमेरिका-ईरान युद्ध पर दो हफ्तों का 'ब्रेक' लग चुका है। ट्रंप ने सोशल मीडिया हैंडल ट्रूथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के साथ हुई बातचीत के बाद सीजफायर का फैसला लिया गया।
अमेरिका के इस फैसले पर ईरान ने भी मुहर लगा दी है। ईरान की सरकारी मीडिया ने भी सीजफायर की पुष्टि कर दी है। इसके अलावा, ईरान के विदेश मंत्री ने कहा है कि अगले दो हफ्तों तक ईरानी सैन्य प्रबंधन के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
हालांकि, ईरान ने कहा कि युद्धविराम का मतलब युद्ध की समाप्ति नहीं है। ईरान ने कहा कि यह स्पष्ट किया जाता है कि सीजफायर का अर्थ युद्ध की समाप्ति नहीं है। हमारे हाथ अभी भी तैयार हैं, और यदि दुश्मन से जरा सी भी गलती हुई, तो उसका पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा।
ईरान के नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने क्या कहा?
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने कहा है कि अमेरिका को ईरान के 10-सूत्रीय प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए विवश होना पड़ा है। जिसमें, हमले न करने की एक मूलभूत प्रतिबद्धता, होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान का कंट्रोल, यूरेनियम संवर्धन की स्वीकृति, सभी प्रतिबंधों को हटाना, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सभी प्रस्तावों को खत्म करना, ईरान को मुआवजा देना, इस क्षेत्र से अमेरिकी लड़ाकू बलों की वापसी और लेबनान में इस्लामी प्रतिरोध के विरुद्ध सहित सभी मोर्चों पर युद्ध की समाप्ति शामिल है।
ईरान के 10-सूत्रीय शांति प्रस्ताव
- अमेरिका को मूल रूप से गैर-आक्रामकता (Non-Aggression) की गारंटी देनी होगी।
- होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण जारी रहेगा।
- यूरेनियम संवर्धन (Enrichment) को स्वीकार करना होगा।
- सभी प्राथमिक प्रतिबंध (Primary Sanctions) हटाए जाएंगे।
- सभी द्वितीयक प्रतिबंध (Secondary Sanctions) हटाए जाएंगे।
- संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी प्रस्ताव समाप्त किए जाएंगे।
- IAEA बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सभी प्रस्ताव खत्म किए जाएंगे।
- ईरान को मुआवजा (Compensation) दिया जाएगा।
- क्षेत्र से अमेरिकी लड़ाकू बलों की वापसी होगी।
- सभी मोर्चों पर युद्धविराम, जिसमें लेबनान के इस्लामिक रेजिस्टेंस के खिलाफ कार्रवाई भी शामिल होगी।
शहबाज और मुनीर से बातचीत के बाद ट्रंप का एलान
बता दें कि इस सीजफायर में पाकिस्तान की बड़ी भूमिका सामने आई है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, 'पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर- जिसमें उन्होंने मुझसे अनुरोध किया था कि मैं आज रात ईरान भेजे जा रहे विनाशकाली बल को रोक लूं- और इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो, मैं दो हफ्ते की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को रोकने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा युद्धविराम होगा।'

ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रूथ सोशल के जरिए किया सीजफायर का एलान। AI IMAGE
ट्रंप ने आगे कहा, 'ऐसा करने का कारण यह है कि हमने अपने सभी सैन्य उद्येश्यों को पहले ही पूरा कर लिया है और उनसे आगे भी निकल गए हैं। साथ ही हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य-पूर्व में शांति सुनिश्चित करने वाले एक निर्णायक समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं।'
