दुनिया

इजराइली पीएम नेतन्याहू ने गुप्त रूप से किया UAE का दौरा, अबू धाबी में क्राउन प्रिंस से की मुलाकात!

हालांकि, इस मुलाकात को लेकर न तो नेतन्याहू के कार्यालय और न ही यूएई के विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी किया गया है।

Image

क्या नेतन्याहू ने किया UAE का दौरा?

Photo : AP

Benjamin Netanyahu UAE Visit: मध्य पूर्व की बदलती क्षेत्रीय सुरक्षा स्थितियों के बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की एक गुप्त यात्रा की है। इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि नेतन्याहू ने रविवार को अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति और नेता शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान (Sheikh Mohammed bin Zayed Al Nahyan) से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक काफी संवेदनशील समय पर हुई है। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर न तो नेतन्याहू के कार्यालय और न ही यूएई के विदेश मंत्रालय की ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान जारी किया गया है।

क्यों अहम है यह दौरा?

यह गुप्त यात्रा ऐसे समय में हुई है जब इजराइल में एक रिपोर्ट को लेकर विवाद गहराया हुआ है। इजराइली समाचार पत्र 'हारेत्ज' (Haaretz) ने दावा किया था कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद ने 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा किए गए भीषण हमले से लगभग डेढ़ हफ्ते पहले ही नेतन्याहू को आगाह किया था कि हमास किसी बड़े ऑपरेशन की तैयारी कर रहा है।

आरोपों को नेतन्याहू ने नकारा

रिपोर्ट के मुताबिक, यह चेतावनी इजराइली सेना या खुफिया एजेंसियों तक नहीं पहुंचाई गई थी। नेतन्याहू ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज किया है और समाचार पत्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है।

यूएई और इजराइल के संबंधों की स्थिति

साल 2020 में अमेरिका की मध्यस्थता में हुए अब्राहम समझौतों के तहत यूएई और इजराइल ने औपचारिक कूटनीतिक संबंध स्थापित किए थे। हालांकि यूएई ने चेतावनी संबंधी रिपोर्ट पर सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है, लेकिन उसने यह स्पष्ट किया है कि दोनों देशों के बीच 2020 के बाद से ही खुले और सीधे संचार माध्यम कायम हैं।

सुरक्षा और अमेरिका से नजदीकी

यूएई के लिए इजराइल के साथ संबंध क्षेत्रीय सुरक्षा संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ अमेरिका (वाशिंगटन) के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण जरिया हैं। यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं के बीच किसी गुप्त बैठक की बात सामने आई हो। इससे पहले मई में भी नेतन्याहू के कार्यालय के हवाले से खबरें आई थीं कि उन्होंने यूएई का गुप्त दौरा किया है, हालांकि तब यूएई ने ऐसी किसी बैठक से इनकार किया था। सूत्रों का कहना है कि दोनों नेताओं की मुलाकात ओमान सीमा के पास अल-ऐन (Al-Ain) शहर में हुई थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article