Israel Iran War: इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष की वजह से पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा और आर्थिक संकट खड़ा कर चुका है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच वार-पलटवार की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा बयान दिया है, जो युद्ध को और भयावह बना सकता है।उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा,"ईरान के साथ किसी भी तरह का समझौता तभी संभव होगा जब वह बिना शर्त आत्मसमर्पण करेगा।"
हम ईरान की मदद करेंगे अगर...
ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि जब ईरान आत्मसमर्पण करेगा और वहां एक बेहतर और स्वीकार्य नेतृत्व यानी उनके पसंद की सरकार चुनी जाएगी, तभी अमेरिका और उसके सहयोगी देश मिलकर ईरान की अर्थव्यवस्था को दोबारा मजबूत बनाने में मदद करेंगे।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान को मौजूदा संकट से बाहर निकालने के लिए काम करेंगे और भविष्य में देश को आर्थिक रूप से पहले से ज्यादा मजबूत बनाया जाएगा।
ट्रंप ने ईरान को लेकर दिया नया नारा
उन्होंने अपने संदेश में ट्रंप ने 'मेक ईरान ग्रेट अगेन' (Make Iran Great Again) का नारा भी दिया, जो उनके मशहूर नारे “Make America Great Again (MAGA)” से मिलता-जुलता है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब मध्य-पूर्व में तनाव लगातार बढ़ रहा है और ईरान से जुड़ी घटनाएं वैश्विक राजनीति के केंद्र में बनी हुई हैं।
युद्धविराम को लेकर क्या बोला ईरान?
ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन ने ट्वीट कर कहा है कि 'कुछ देशों ने बीच-बचाव की कोशिशें शुरू कर दी हैं। साफ़-साफ़ कह दें: हम इस इलाके में हमेशा शांति बनाए रखने के लिए कमिटेड हैं, फिर भी हमें अपने देश की इज्जत और आजादी की रक्षा करने में कोई हिचकिचाहट नहीं है। बीच-बचाव उन लोगों पर होना चाहिए जिन्होंने ईरानी लोगों को कम आंका और इस झगड़े को भड़काया।'
