Israel-Iran War: इजरायल-ईरान के बीच सैन्य संघर्ष हर बीते वक्त के साथ और गहराता जा रहा है। मिडिल ईस्ट के कई देशों पर ईरान ने मिसाइल दाग कर सैन्य संघर्ष को एक खतरनाक मोड़ दे दिया है। इसी बीच इजरायल की सेना आईडीएफ (Israel Defense Forces) ने दावा किया है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान में मौजूद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई सैन्य बंकर को धवस्त कर दिया है। सेना के मुताबिक इस ऑपरेशन में लगभग 50 इजरायली एयर फोर्स के फाइटर जेट शामिल थे।
आईडीएफ ने सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सेना टारगेट पर हमला कर रही है। आईडीएफ ने दावा किया है कि यह बंकर तेहरान में ईरानी नेतृत्व के मुख्य परिसर के नीचे बनाया गया एक सुरक्षित सैन्य कमांड सेंटर था, जिसका इस्तेमाल युद्ध के समय नेतृत्व और सैन्य संचालन के लिए किया जाना था।
बंकर पर गिराए गए 100 बम: आईडीएफ
इजरायली सेना के अनुसार, इस हमले में लगभग 50 लड़ाकू विमानों ने करीब 100 बम गिराए, जिससे भूमिगत संरचना को गंभीर नुकसान पहुंचा। बताया गया है कि यह बंकर कई सड़कों के नीचे फैला हुआ था और इसमें कई प्रवेश द्वार तथा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक के लिए कमरे बनाए गए थे।
खुफिया जानकारी जुटाने के बाद किया गया हमला
आईडीएफ का कहना है कि इस लक्ष्य को लंबे समय तक खुफिया जानकारी जुटाने के बाद निशाना बनाया गया। इस हमले को ईरान के सैन्य कमांड और नियंत्रण तंत्र को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।हालांकि इस हमले पर ईरान की ओर से तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई मध्य-पूर्व में चल रहे संघर्ष को और ज्यादा तेज कर सकती है।
बढ़ता जा रहा जंग का दायरा
अमेरिका के लाख दावों के बाद भी यह जंग लंबी खींचती दिख रही है। अमेरिका और इजराइल ने इस जंग की शुरुआत की थी, जो खाड़ी के कई देशों को लपेट चुका है। ईरान इजराइल के साथ-साथ कुवैत, UAE, बहरीन, समेत कई खाड़ी देशों में मिसाइल और ड्रोन से हमले कर रहे हैं।
