क्या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तबीयत खराब हो गई है और वह अस्पताल में भर्ती हैं? सोशल मीडिया में ऐसे कई दावे किए जा रहे हैं। ईरान के साथ जंग के बीच ट्रंप की सेहत को लेकर किए जा रहे इन दावों से सनसनी मच गई है। अब व्हाइट हाउस की ओर से इसे लेकर जानकारी सार्वजनिक कर दी गई है और इसे महज एक अफवाह बताया गया है।
कैसे उड़ी ट्रंप के बीमार होने की खबर?
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने पोस्ट किया कि ट्रंप को इलाज के लिए वॉल्टर रीड राष्ट्रीय सैन्य चिकित्सा केंद्र (Walter Reed National Military Medical Center) ले जाया गया है। इन पोस्ट्स के बाद अटकलें तेजी से फैलने लगीं और लोगों के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई। इसी दौरान यह खबर भी सामने आई कि व्हाइट हाउस ने दिन भर के लिए राष्ट्रपति की सार्वजनिक गतिविधियां सीमित कर दी हैं, जिससे चर्चाओं को और हवा मिल गई। हालांकि, व्हाइट हाउस के कम्युनिकेशन डायरेक्टर स्टीवन च्युंग ने इन अफवाहों को सीधे-सीधे खारिज किए बिना यह स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईस्टर वीकेंड के दौरान भी ट्रंप व्हाइट हाउस और ओवल ऑफिस में बिना रुके काम कर रहे हैं और पूरी तरह सक्रिय हैं।
ट्रंप की सेहत पर क्यों उठते रहे हैं सवाल?
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप की सेहत को लेकर सवाल उठे हैं। 79 वर्ष की उम्र में ट्रंप की सेहत लगातार सार्वजनिक चर्चा का विषय बनी हुई है। हाल के महीनों में उनके हाथों पर दिखे नीले निशान और पैरों में सूजन को लेकर भी सवाल उठे थे। व्हाइट हाउस ने इन लक्षणों के पीछे नियमित रूप से एस्पिरिन लेने और यात्रा के दौरान हाथ टकराने जैसी वजहें बताई थीं। इसके अलावा, इस साल की शुरुआत में डॉक्टरों ने यह भी बताया था कि उनके पैरों में सूजन की जांच के दौरान क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी नाम की एक सामान्य और गैर-गंभीर बीमारी पाई गई है, जो आमतौर पर 70 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में देखी जाती है।
