दुनिया

ईरान पर तेज हुआ इजराइल का हवाई हमला, एयर स्ट्राइक में 'जल' उठा मेहराबाद एयरपोर्ट, 7वें दिन और भीषण हुई जंग

मेहराबाद एयरपोर्ट ईरान के प्रमुख एवं व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है। रिपोर्टों में कहा गया कि ईरान के पूर्वी एवं पश्चिमी हिस्सों में भी हवाई हमले हुए। दरअसल, इजराइल ने कहा है कि वह ईरान पर नए सिरे से हमले करने जा रहा है। इसके बाद ये हवाई हमले हुए।

Image

शनिवार सुबह ईरान पर हुए भीषण हमले।

Photo : AP

Tehran's Mehrabad Airport : ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमले रुक नहीं रहे हैं। युद्ध के 7वें दिन भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे को निशाना बनाते हुए हमले किए। ईरान के मीडिया ने कहा कि शनिवार तड़के राजधानी तेहरान में हवाई हमले हुए। इजराइल हवाई हमले के बाद तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। एयरपोर्ट से आंग का गुबार और धुआं उठता दिखाई दिया। मेहराबाद एयरपोर्ट ईरान के प्रमुख एवं व्यस्त हवाईअड्डों में से एक है। रिपोर्टों में कहा गया कि ईरान के पूर्वी एवं पश्चिमी हिस्सों में भी हवाई हमले हुए। दरअसल, इजराइल ने कहा है कि वह ईरान पर नए सिरे से हमले करने जा रहा है। इसके बाद ये हवाई हमले हुए।

तेहरान में सरकारी ठिकानों पर हमले

इजराइल की सेना ने एक बयान में कहा कि इजराइल रक्षा बल (IDF) ने ईरान की राजधानी तेहरान में सरकारी ठिकानों पर व्यापक स्तर पर हवाई हमलों की नई लहर शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट बहुत तेज थे और हमले वाली जगहों से धुएं के बड़े-बड़े गुबार उठते दिखाई दिए। समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के शहर कर्मानशाह में भी कई जगह विस्फोटों की खबर है, जहां कई मिसाइल बेस मौजूद हैं।

तेल अवीव में विस्फोट

यह घटनाक्रम तब सामने आया जब इससे पहले इजराइली सेना ने बताया था कि ईरान ने एक और दौर की मिसाइलें इजराइल की ओर दागी हैं। इसके बाद तेल अवीव में भी कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं। अधिकारियों के अनुसार, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। अमेरिका और इजराइल का ईरान के खिलाफ युद्ध शुक्रवार को सातवें दिन में प्रवेश कर गया, जिसमें यरूशलम ने तेहरान और बेरूत के कई ठिकानों पर हमले किए। वहीं, तेहरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और खाड़ी देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर हमले तेज कर दिए।

लेबनान में इजराइल ने किए हमले

इजराइल ने शुक्रवार को ईरान और लेबनान की राजधानियों पर हवाई हमले किये जबकि अमेरिका ने ईरान के युद्धपोतों के बेड़े के खिलाफ अपने निरंतर अभियान के तहत समुद्र में एक ईरानी ड्रोन वाहक पोत पर हमला किया। ईरान ने पूरे सप्ताह चली बमबारी के बाद पश्चिम एशिया में फिर से जवाबी हमले शुरू कर दिये। इन हमलों के बारे में अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने चेतावनी दी कि बमबारी ’’तेजी से बढ़ने वाली है’’।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article