Iran US Peace Deal: अमेरिका और ईरान के बीच स्थायी शांति समझौते पर हस्ताक्षर की चर्चाओं के बीच हालात एक बार फिर तनावपूर्ण होते नजर आ रहे हैं। इस बीच, इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों हिजबुल्लाह से जुड़ी संरचनाओं को निशाना बनाते हुए नए हवाई हमले किए हैं।
अमेरिका पर बरसा ईरान
ईरान ने इजरायल की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ (Mohammad Bagher Ghalibaf) ने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि गुड कॉप और बैड कॉप वाला खेल अब पुराना हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अमेरिका या तो अपने वादों को पूरा करने की इच्छाशक्ति नहीं रखता या फिर उनमें ऐसा करने की क्षमता नहीं है।
गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दहियेह में जायोनी शासन की घुसपैठ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अमेरिका या तो अपनी प्रतिबद्धताओं को निभाने की इच्छा नहीं रखता या फिर ऐसा करने में सक्षम नहीं है। किसी शासन को खुली छूट देकर आप उससे रियायतें हासिल नहीं कर सकते हैं।''
उन्होंने आगे कहा कि गुड कॉप, बैड कॉप वाला खेल अब पुराना हो चुका है। अगर आपके पास अपने वादों को पूरा करने की इच्छाशक्ति या काबिलियत नहीं है, तो बातचीत और आगे बढ़ने के रास्ते की बात करना मुमकिन नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका शांति समझौते पर आया सबसे बड़ा अपडेट; डिजिटल हस्ताक्षर की तैयारियां, पर नहीं होगी कोई बैठक
ईरान का यह बयान ऐसे समय आया है जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव कम करने और एक संभावित समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, बेरूत पर इजरायल के ताजा हमलों ने इन प्रयासों के भविष्य पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय ने कहा कि ये हमले उत्तरी इजरायल में हिजबुल्लाह के हमलों के जवाब में किए गए।
