दुनिया

'यूरोपीय संघ की सेनाओं को मानते हैं आतंकवादी समूह', तनाव के बीच ईरान का नया ऐलान

मोहम्मद बगेर कलीबाफ की यह टिप्पणी पिछले सप्ताह यूरोपीय संघ द्वारा ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी समूह घोषित करने के समझौते के बाद आई है। रिवोल्यूशनरी गार्ड पर देशव्यापी प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई में शामिल होने का आरोप है।

Khamenei

ईरान ने किया ऐलान, ईयू सेनाएं आतंकी संगठन

Photo : AP

Iran News: अमेरिका के साथ लगातार तनाव के बावजूद ईरान के तेवर नरम नहीं पड़े हैं। अब उसने उकसावे वाला एक और बयान दिया है। ईरान के संसद अध्यक्ष ने रविवार को कहा कि इस्लामी गणराज्य अब यूरोपीय संघ के सभी सैन्य बलों को आतंकवादी समूह मानता है। मोहम्मद बगेर कलिबाफ की यह टिप्पणी पिछले सप्ताह यूरोपीय संघ द्वारा ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी समूह घोषित करने के समझौते के बाद आई है।

रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी समूह घोषित किया गया

रिवोल्यूशनरी गार्ड पर देशव्यापी प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई में शामिल होने का आरोप है। कलिबाफ ने इस घोषणा के लिए 2019 के एक कानून का हवाला दिया। यह कानून अमेरिका द्वारा रिवोल्यूशनरी गार्ड को आतंकवादी समूह घोषित किए जाने के बाद पारित किया गया था और ईरान को ऐसे किसी भी देश के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की अनुमति देता है जो इस फैसले का अनुसरण करता है। कलीबाफ ने संसद में गार्ड की वर्दी पहने हुए यह घोषणा की। कलीबाफ गार्ड में कमांडर रह चुके हैं।

इस्लामिक गणराज्य ने रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य में रविवार और सोमवार को सैन्य अभ्यास की योजना बनाई है। यह फारस की खाड़ी का संकरा मुहाना है, जिससे होकर तेल व्यापार का पांचवां हिस्सा गुजरता है। कलिबाफ ने यह घोषणा तब की जब वे और संसद में मौजूद अन्य लोग गार्ड के समर्थन में वर्दी पहने हुए थे। गार्ड ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल भंडार को भी नियंत्रित करता है और ईरान में उसके व्यापक आर्थिक हित हैं, यह सिर्फ ईरान के 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के प्रति जवाबदेह है।

कालिबाफ ने कहा, यूरोप में आतंकवाद के प्रसार को रोकने में सबसे बड़ी बाधा रहे गार्ड पर हमला करके, यूरोपीय लोगों ने वास्तव में अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मारी है। एक बार फिर अमेरिकियों के प्रति अंधभक्ति दिखाकर अपने ही लोगों के हितों के खिलाफ फैसला किया है। सत्र में बाद में सांसदों ने अमेरिका मुर्दाबाद!" और "इजराइल मुर्दाबाद!" के नारे लगाए।

रिवोल्यूशनरी गार्ड सबसे ताकतवर

ईरान का पैरामिलिट्री रिवोल्यूशनरी गार्ड देश की धर्मतांत्रिक व्यवस्था के भीतर सबसे प्रभावशाली संस्थाओं में से एक बन गया है। यह सीधे सर्वोच्च नेता आयतोल्लाह खामेनेई को रिपोर्ट करता है और ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को नियंत्रित करने के साथ-साथ देश की सीमाओं से परे भी अभियान चलाता है। ये बेहद कुख्यात है और देश के अंदर चल रहे किसी भी आंदोलन को कुचलने के लिए जाना जाता है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article