विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बुधवार को साप्ताहिक प्रेस कांफ्रेस की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान,बांग्लादेश,रूस-यूक्रेन संघर्ष और ब्लैक सी क्षेत्र में हालिया समुद्री हमलों समेत कई अहम मुद्दों पर भारत का रुख स्पष्ट किया। उन्होंने इस दौरान पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देना और झूठ फैलाना उसकी पुरानी आदत रही है। वहीं,बांग्लादेश के साथ भारत ने सकारात्मक और रचनात्मक संबंधों पर जोर दिया।
‘टीवी पर दिखाया गया ड्रामा हकीकत नहीं बदल सकता’
सीमा पार घुसपैठ और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर भारत के रुख पर रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान लंबे समय से सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि झूठ बोलना और गलत सूचनाएं फैलाना पाकिस्तान की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि चाहे कितनी भी कोशिश कर ली जाए,टेलीविजन पर दिखाया जाने वाला‘ड्रामा’जमीनी हकीकत को नहीं बदल सकता।
बांग्लादेश को लेकर भारत का रुख
बांग्लादेश के साथ द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण सकारात्मक,रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर आगे बढ़ने का है। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का ध्यान दोनों देशों के लोगों के हितों को केंद्र में रखकर आपसी विकास और समृद्धि को बढ़ावा देने पर है। बांग्लादेशी अधिकारियों के साथ बातचीत में भी भारत इसी लक्ष्य पर केंद्रित है।
रूस-यूक्रेन युद्ध पर भारत ने फिर दिया बातचीत का संदेश
वहीं, रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर उन्होंने फिर से संवाद और कूटनीति को समाधान का रास्ता बताया। रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई मौकों पर कह चुके हैं कि अब युद्ध के अंत का रास्ता तलाशना होगा। उन्होंने कहा कि शांति स्थापित करने के उद्देश्य से भारत रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में है और दोनों पक्षों ने भारत के प्रयासों की सराहना की है। भारत ब्लैक सी में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही,अनाज और ऊर्जा निर्यात से जुड़े तत्काल मुद्दों और हमले न करने की संभावनाओं जैसे विषयों पर दोनों देशों के साथ बातचीत कर रहा है।अबू धाबी के अस्पताल में ‘कैप्टन स्मित मच्छार’
प्रेस कांफ्रेस के दौरान रणधीर जायसवाल ने ‘कैप्टन स्मित मच्छार’ को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वे अबू धाबी के एक अस्पताल में भर्ती हैं। UAE में भारतीय दूतावास लगातार उनके,उनके परिवार, स्थानीय प्रशासन और अस्पताल के अधिकारियों के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और वह इलाज का अच्छी तरह जवाब दे रहे हैं।
ब्लैक सी में चार जहाजों पर हमले, भारतीय सुरक्षित
विदेश मंत्रालय ने ब्लैक सी क्षेत्र में पिछले एक-दो दिनों में हुए सिलसिलेवार हमलों पर चिंता जताई। जायसवाल ने कहा कि भारत ऐसे हमलों की निंदा करता है,जो व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही और समुद्री क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की जान को खतरे में डालते हैं। उन्होंने बताया कि MV Royad Mammadov पर हमले के समय तीन भारतीय नागरिक सवार थे। तीनों सुरक्षित हैं, हालांकि एक भारतीय घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है।
इसके अलावा Togo के झंडे वाले जहाज Alfa Watan पर भी हमला हुआ। उसके चालक दल की स्थिति की जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। MV ABLE पर ड्रोन हमला हुआ, लेकिन जहाज पर सवार सभी 18 लोगों को बचा लिया गया। इनमें सात भारतीय नागरिक थे। एक भारतीय घायल हुआ है और उसे चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
जायसवाल ने बताया कि लाइबेरिया के झंडे वाले तेल टैंकर Aframax Rio पर भी हमला हुआ था। जहाज पर मौजूद सभी 23 चालक दल के सदस्य भारतीय थे और सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से तनाव कम करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में जल्द शांति बहाल हो सके।
