क्रिकेट

'दस साल बेमिसाल'...स्मृति मंधाना ने की हरमनप्रीत कौर के कप्तानी कार्यकाल की सराहना

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को अपनी पूर्ववर्ती हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व कार्यकाल को शानदार बताया है। जानिए उन्होंने उनकी तारीफ में क्या कहा?

Image

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना (फोटो क्रेडिट Smriti Mandhana Instagram)

मुंबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नवनियुक्त कप्तान स्मृति मंधाना ने बुधवार को अपनी पूर्ववर्ती हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व कार्यकाल को शानदार बताया और उम्मीद जताई कि वे कुछ और समय तक साथ मिलकर इस सफर को जारी रखेंगी। हरमनप्रीत ने मंगलवार को सभी प्रारूपों की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया जिससे उनके एक दशक लंबे कप्तानी कार्यकाल का अंत हो गया। इस दौरान उन्होंने नवंबर 2025 में टीम को पहला वनडे विश्व कप खिताब के साथ 2023 और 2026 में एशियाई खेलों के दो स्वर्ण पदक दिलाए।

दस साल रहे बेमिसाल

मंधाना ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, 'इतने सालों तक आपके साथ खेलना बहुत अच्छा रहा। आपके नेतृत्व के 10 साल शानदार रहे हैं और साथ मिलकर, हम अपने देश के लिए कई और उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करेंगे।'मंधाना अब सभी प्रारूपों की कप्तान हैं। वह इस महीने के अंत में जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू टी20 अंतरराष्ट्रीय और वनडे सीरीज के साथ कप्तानी की जिम्मेदारी शुरू करेंगी। हरमनप्रीत भारतीय टीम का हिस्सा बनी रहेंगी और उन्हें जिम्बाब्वे सीरीज के लिए दोनों टीम में शामिल किया गया है।

ऐसा रहा हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 155 मैच खेले जिसमें से 92 में जीत और 57 में हार का सामना करना पड़ा। एक मैच टाई रहा और पांच बेनतीजा रहे। उनकी कप्तानी में टी20आई में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 59.35 रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने चार टी20 वर्ल्ड कप खेले। साल 2020 में भारतीय टीम फाइनल में पहुंची लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। हरमनप्रीत ने भारत के लिए 51 वनडे मैच में कप्तानी की जिसमें से 30 मैच जीते। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम साल 2025 में वर्ल्ड चैंपियन बनने में सफल रही। हरमनप्रीत कौर ने 5 मैच में टेस्ट टीम की कमान संभाली जिसमें से 4 में भारतीय टीम को जीत मिली।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article