दुनिया

'US का लापता पायलट लाओ, इनाम पाओ', ईरान ने घोषित किया 60,000 डॉलर का इनाम, ट्रंप ने साधी चुप्पी

ईरान की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका के एक पायलट की या तो मौत हो गई है या उसे देश में पकड़ लिया गया है। अमेरिका एयरक्रॉफ्ट के मार गिराने के ईरान के दावे और एक लापता पायलट के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टंप ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Image

अमेरिका ईरान में चला रहा तलाशी अभियान।

Photo : AP

Missing US Pilot: अमेरिका के फाइटर प्लेन के लापता पायलट पर ईरान ने इनाम घोषित कर दिया है। ईरान की सरकारी मीडिया ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के हवाले से कहा है कि इस लापता पायलट को लाने वाले या इसे पकड़ने में मदद देने वाले को 60,000 डॉलर का इनाम दिया जाएगा। ईरान की सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका के एक पायलट की या तो मौत हो गई है या उसे देश में पकड़ लिया गया है। अमेरिका एयरक्रॉफ्ट के मार गिराने के ईरान के दावे और एक लापता पायलट के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड टंप ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हालांकि, इस बारे में उन्हें बता दिया गया है।

यूएस ने कहा-F-15 E लड़ाकू प्लेन था

ईरान का कहना है कि सेंट्रल ईरान में उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिका के एक F-35 E फाइटर प्लेन को मार गिराया। इस फाइटर प्लेन में दो लोग सवार थे। रिपोर्टों में कहा गया है कि इनमें से एक पायलट को अमेरिका ने रेस्क्यू कर लिया है जबकि दूसरे के लिए वह तलाश अभियान चला रहा है। अमेरिका का कहना है कि यह एफ-35 ई नहीं बल्कि F-15 E लड़ाकू प्लेन था। हिट होने के बाद इसने क्रैश लैंडिंग की। हालांकि, लापता पायलट को लेकर कई तरह की अपुष्ट रिपोर्टें आ रही हैं।

पायलट के जिंदा होने पर सस्पेंस

ईरानी मीडिया में कहा जा रहा है कि मध्य ईरान में प्लेन से इजेक्ट करने वाले अमेरिकी फाइटर पायलट को निशाना बनाया गया। हालांकि, पायलट जिंदा है या उसकी मोत हो गई या उसे पकड़ लिया गया है, इसके बारे में अभी आधिकारिक रूप से कुछ भी स्पष्ट नहीं है। कुछ स्थानीय रिपोर्टों में कहा गया है कि पायलट बच गया है जबकि कुछ ने कहा कि इजेक्ट के समय हुआ इम्पैक्ट इतना ज्यादा था कि पायलट का बचना मुश्किल है। ईरान के एक अन्य टेलिविजन चैनल ने कहा कि 'पायलट को पकड़कर ले आने वाले व्यक्ति कीमती पुरस्कार दिया जाएगा।'

60,000 यूएस डॉलर का इनाम देने की पेशकश

वहीं, ईरान के सरकारी टेलिविजन ने कहा है कि अधिकारी लापता पायलट को पकड़कर लाने वाले व्यक्ति को 10 अरब तोमन (करीन 60,000 यूएस डॉलर) का इनाम देने की पेशकश कर रहे हैं। इस बीच, ईरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम ने कहा है कि लापता पायलट के लिए तलाश के लिए अमेरिका व्यापक अभियान चला रहा है। खोज अभियान में ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टरों और एक सी-130 हरक्यूलिस एयरक्राफ्ट को लगाया गया है। सूत्रों का कहना है कि लापता पायलट को ढूंढने के लिए एयरक्राफ्ट नीची उड़ान भर रहे हैं लेकिन उन्हें अभी तक अपने अभियान में सफलता नहीं मिल पाई है।

पहाड़ी क्षेत्र के ऊपर उड़ते दिखे ड्रोन, विमान-हेलीकॉप्टर

सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में अमेरिकी ड्रोन, विमान और हेलीकॉप्टर एक पहाड़ी क्षेत्र के ऊपर उड़ते दिखे। ईरानी चैनल ने इससे पहले कहा था कि इस क्षेत्र में लड़ाकू विमान से कम से कम एक पायलट ने आपात निकासी की। यह पहली बार है जब अमेरिका ने ईरानी क्षेत्र में कोई विमान खोया है। इससे पांच सप्ताह पहले शुरू हुए युद्ध के दायरे में नाटकीय रूप से बढ़ोतरी का संकेत मिलता है। यह स्पष्ट नहीं है कि विमान को मार गिराया गया या वह दुर्घटनाग्रस्त हुआ। यह भी अभी पता नहीं चल सका है कि विमान में चालक दल के कितने सदस्य सवार थे।

व्हाइट हाउस ने नहीं दी आधिकारिक प्रतिक्रिया

अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय 'व्हाइट हाउस’, पेंटागन (अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय) और ’अमेरिकी सेंट्रल कमांड’ ने इस संबंध में पूछे गए सवालों पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

Alok Rao
आलोक कुमार राव author

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारो... और देखें

End of Article