दुनिया

ईरानी मंत्री ने ट्रंप को 'अस्थिर और भ्रमित व्यक्ति' दिया करार, बोले- दुश्मनों के लिए बंद है होर्मुज

Iran US Conflict: ईरान के संस्कृति मंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'अस्थिर और भ्रम में रहने वाला व्यक्ति'' करार दिया।

Image

ईरान के संस्कृति मंत्री सैयद रजा सालिही अमीरी (फोटो साभार: AP)

Photo : AP

Iran US Conflict: ईरान के संस्कृति मंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया धमकियों को रविवार को खारिज करते हुए उन्हें ''अस्थिर और भ्रम में रहने वाला व्यक्ति'' करार दिया। सैयद रजा सालिही-अमीरी ने रविवार को 'द एसोसिएटेड प्रेस' (एपी) से एक साक्षात्कार में कहा, ''ईरानी समाज उनके बयानों पर आम तौर पर ध्यान नहीं देता, क्योंकि उसका मानना है कि उनमें व्यक्तिगत, व्यवहारिक एवं भाषाई संतुलन का अभाव है और वह लगातार परस्पर विरोधी रुख अपनाते रहते हैं।''

ट्रंप की विवादित टिप्पणी

ट्रंप ने रविवार सुबह एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अगर अवरुद्ध होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला गया तो ईरान के ऊर्जा संयंत्रों और पुलों पर हमले किए जाएंगे। ट्रंप ने अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए ईरान को चेतावनी दी कि अगर जलमार्ग को समुद्री यातायात के लिए नहीं खोला गया, तो ईरान को ''नरक बना दिया जाएगा''।

'ईरान के दुश्मनों के लिए बंद है होर्मुज'

सालिही-अमीरी ने कहा, ''ऐसा लगता है कि ट्रंप एक ऐसे व्यक्ति बन गए हैं, जिसका पूरा विश्लेषण न तो ईरानी कर पा रहे हैं और न ही अमेरिकी।'' उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य ''दुनिया के लिए खुला है, लेकिन ईरान के दुश्मनों के लिए बंद है।''

वहीं, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सभी देशों का यह कानूनी दायित्व है कि वे युद्ध अपराधों के ऐसे जघन्य कृत्यों को रोकें। उन्हें अभी कार्रवाई करनी चाहिए। कल बहुत देर हो जाएगी।''

ट्रंप की नई धमकी

अमेरिकी सेना द्वारा पायलट को बचाने के बाद, ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य खोले या फिर विनाशकारी परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। वहीं, शनिवार को सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा था, ''याद है जब मैंने ईरान को समझौता करने या होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए दस दिन का समय दिया था?'' उन्होंने कहा था, ''समय तेजी से बीत रहा है - 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article