दुबई : ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं। इस बीच अमेरिका ने चेतावनी दी कि जल्द ही बड़े पैमाने पर बमबारी अभियान शुरू किया जा सकता है, जिसे अधिकारी सप्ताह भर से जारी संघर्ष का अब तक का सबसे तीव्र हमला बता रहे हैं। क्षेत्र में लड़ाई खत्म होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। इससे खाड़ी देशों में हालात बदतर हैं। ज्यादातर देशों के फंसे लोगों को उनकी सरकारें निकालने का प्रयास कर रही हैं। इसी बीच एमिरेट्स एयरलाइंस के बाद दुबई एयरपोर्ट ने आंशिक तौर पर हवाई सेवा शुरू करने का ऐलान किया है।
एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी गई। एमिरेट्स के ऑपरेशन फिर से शुरू करने के बयान के बाद, दुबई एयरपोर्ट ने ये घोषणा की। सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "हमने शनिवार, 7 मार्च से आंशिक ऑपरेशन फिर से शुरू कर दिया है, जिसमें कुछ फ्लाइट्स डीएक्सबी (मुख्य एयरपोर्ट) और डीडब्ल्यूसी (साउथ-वेस्ट में अल मकतूम एयरपोर्ट, इसे दुबई वर्ल्ड सेंट्रल भी कहा जाता है) से ऑपरेट हो रही हैं।"
कोलकाता के लिए एमिरेट्स फ्लाइट शुरू
कोलकाता, 7 मार्च (पीटीआई) पश्चिम एशिया संघर्ष से संबंधित कुछ दिनों की व्यवधानों के बाद, दुबई स्थित एयरलाइन एमिरेट्स ने शनिवार शाम को कोलकाता हवाई अड्डे के लिए अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर दीं। खाड़ी देश से पहला विमान देर रात तक उतरने की उम्मीद है। भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के प्रवक्ता ने बताया कि दुबई (डीएक्सबी) से कोलकाता (सीसीयू) के लिए संचालित एमिरेट्स की फ्लाइट ईके 572 ने भारतीय समयानुसार शाम 7:43 बजे दुबई से उड़ान भरी। मूल रूप से शाम 6:50 बजे पहुंचने वाली इस फ्लाइट का अनुमानित आगमन समय अब रात 11:50 बजे है।
एनएससी बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के बाद, विमान वापसी सेवा, ईके 573 का संचालन करेगा, जो मूल समय रात 8:25 बजे के बजाय रात 1:30 बजे रवाना होगी। पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए संघर्ष संबंधी व्यवधानों के बाद कोलकाता में एमिरेट्स की यह पहली उड़ान होगी। शनिवार सुबह, दुबई से फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट 163 यात्रियों के साथ रात 12:53 बजे शहर के हवाई अड्डे पर पहुंची।
एएआई के प्रवक्ता ने बताया कि बाद में यह फ्लाइट 92 यात्रियों के साथ दुबई के लिए रवाना हो गई। उन्होंने बताया कि कतर एयरवेज की एक फ्लाइट शनिवार को कोलकाता से सऊदी अरब के जेद्दा के लिए रवाना हुई। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को चल रहे संघर्ष के कारण कोलकाता से खाड़ी देशों के लिए सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
इसके साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरलाइन से संपर्क कर, अपनी फ्लाइट की पूरी जानकारी लेकर ही हवाईअड्डे पहुंचे, ऐसा इसलिए भी क्योंकि अंत समय में शेड्यूल में बदलाव संभव है। इससे पहले अमीरात एयरलाइन ने परिचालन शुरू करने की बात कही थी। बताया कि एमिरेट्स उड़ान सेवा शनिवार से शुरू कर रही है। एमिरेट्स ने बयान जारी कर कहा कि दुबई आने-जाने वाली फ्लाइट्स को कुछ समय के लिए रोकने की घोषणा के बाद अपना ऑपरेशन फिर से शुरू करेगी।
हालांकि, इससे पहले कंपनी ने सभी फ्लाइट्स निलंबित करने की सूचना दी थी, एक बयान जारी कर कहा कि उनके लिए यात्री और क्रू की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और इससे कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
दुबई में दो धमाके
शनिवार को दुबई में दो धमाके और बहरीन की राजधानी मनामा में एक धमाका सुना गया, जिसके साथ ही इलाकों में सायरन बजने लगे थे। बहरीन के गृह मंत्रालय ने एक्स पोस्ट में कहा कि नागरिकों और निवासियों से शांत रहने और सबसे पास की सुरक्षित जगह पर जाने की अपील की जाती है। दुबई के अधिकारियों ने दावा किया कि इंटरसेप्शन के बाद मलबा गिरने से एक “छोटी घटना” हुई थी, जिसे तुरंत काबू में कर लिया गया।
वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान का शनिवार को एक इंटरव्यू प्रसारित किया गया। स्टेट टीवी पर प्रसारित साक्षात्कार में ईरानी राष्ट्रपति कहते सुने गए कि अब पड़ोसी देशों पर हमले नहीं किए जाएंगे, जब तक कि उन देशों की जमीन से ईरान पर कोई हमला न किया जाए।
