क्रिकेट

IND vs WI 4th T20I Highlights: होप का कप्तानी शतक, पॉल का 'पंजा'; सीरीज में वेस्टइंडीज ने कसा टीम इंडिया पर शिकंजा

कप्तान शाई होप (नाबाद 102 रन) ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शानदार शतक पूरा किया। जिससे वेस्टइंडीज ने बुधवार को यहां पांच मैच की सीरीज के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय गेंदबाजी की कमजोरियां उजागर करते हुए तीन विकेट पर 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। होप ने 50 गेंद की पारी में नौ छक्के और चार चौके लगाए। उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 49 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 91 रन की साझेदारी की। रदरफोर्ड की 26 गेंद की तूफानी पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े थे।

Image

वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। हैदराबाद की बल्लेबाजों की मददगार पिच पर वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने रनों की बारिश कर दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 19.4 गेंद पर 223 रन ही बना सकी। भारत ने 24 रन से मुकाबला गंवाया। वेस्टइंडीज ने इस जीत के साथ ही सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है। अब सीरीज का फैसला बेंगलुरु में होगा। पांचवां और आखिरी मैच फाइनल बन गया है।

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने तूफानी शुरुआत करते हुए पावरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बना लिए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय में पहले छह ओवर में भारत के खिलाफ संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर है। न्यूजीलैंड ने इस साल की शुरुआत में तिरुवनंतपुरम में भारत के खिलाफ इतने ही रन बनाए थे। मेहमान टीम ने महज 7.4 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए और भारत के खिलाफ 2016 में लॉडरहिल में बनाए इस रिकॉर्ड की बराबरी की। उस समय टीम ने बिना विकेट गंवाए 100 रन का आंकड़ा पार किया था।

होप की तूफानी पारी

होप ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरे छोर पर ज्वेल एंड्रयू ने 16 गेंद में 21 रन बनाए, लेकिन अक्षर पटेल ने अपने पहले ही ओवर की पहली गेंद पर उन्हें पगबाधा आउट कर दिया। इसके बाद शिमरन हेटमायर ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए सिर्फ 12 गेंद में 33 रन ठोक दिए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल थे। इस दौरान वेस्टइंडीज ने 100 रन का आंकड़ा पार किया। नमन धीर ने अपने पहले ओवर में 19 रन दिए जिसमें होप और हेटमायर ने कई बाउंड्री लगाईं।

प्रिंस यादव ने नौवें ओवर में हेटमायर की पारी का अंत किया। रोवमन पॉवेल ने 17 गेंद में 24 रन बनाकर आक्रामकता जारी रखी। पर 13वें ओवर में अर्शदीप सिंह की गेंद पर संजू सैमसन ने उनका कैच लपक लिया। इसके बाद रदरफोर्ड ने होप के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों पर हमला जारी रखा।

वेस्टइंडीज ने जड़े 16 छक्के

कप्तान शाई होप (नाबाद 102 रन) ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शानदार शतक पूरा किया। होप ने 50 गेंद की पारी में नौ छक्के और चार चौके लगाए। उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (नाबाद 49 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए नाबाद 91 रन की साझेदारी की। रदरफोर्ड की 26 गेंद की तूफानी पारी में चार चौके और तीन छक्के जड़े।

वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों पर दबदबा बनाए रखा। वेस्टइंडीज ने पारी में 16 छक्के लगाए और उसे 18 अतिरिक्त रन भी मिले। भारतीय गेंदबाज पूरे मैच में सही लाइन एवं लेंथ के लिए जूझते रहे। मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने चार ओवर में 52-52 रन दिए। मेजबान टीम को फील्डिंग में मौके गंवाने से भी नुकसान हुआ। अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए होप ने सीरीज में दूसरा, दौरे का चौथा और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीसरा शतक लगाया।

संजू सैमसन ने बांधा समा

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को तेज शुरुआत मिली। संजू और अभिषेक ने पहले तीन ओवर में 50 रन बनाए। T20I में भारत की सबसे तेज टीम फिफ्टी रही। इससे पहले इस साल गुवाहाटी में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 3.1 ओवर में यह कारनामा किया था। संजू सैमसन ने तेज खेलते हुए महज 20 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा। यह सैमसन की संयुक्त रूप से सबसे तेज T20I फिफ्टी रही। इससे पहले पिछले महीने दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ संजू ने इतनी ही गेंद पर फिफ्टी जड़ी थी।

लड़खड़ाई भारत की पारी

कीमो पॉल ने संजू को आउट कर वेस्टइंडीज को पहली सफलता दिलाई। पांचवें ओवर में पॉल ने संजू के बाद ईशान किशन (6) को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। 9वें ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर 11 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हो गए। 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा 29 रन बनाकर आउट हुए। अगली ही गेंद पर नमन धीर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

कीमो पॉल ने लिए पांच विकेट

तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने छठे विकेट के लिए 32 गेंद पर 72 रन की साझेदारी कर भारत को जीत के रास्ते पर ला खड़ा किया, लेकिन शेफर्ड इस साझेदारी को तोड़ा। तिलक 43 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 19वें ओवर में कीमो पॉल ने तीन विकेट लेकर मैच खत्म कर दिया। कीमो पॉल ने पांच विकेट हाल पूरा किया। उन्होंने टी20 करियर में दूसरी बार पांच विकेट लिया। आखिरी ओवर में अर्शदीप सिंह रिटायर्ड हर्ट हुए। वेस्टइंडीज ने 24 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article