ईरान ने अब नए हथियारों को लेकर एक धमकी दी है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि जल्द ही जंग के मैदान में वो ऐसे हथियार उतारेगा, जो अभी तक जंग के मैदान में नहीं दिखा है। अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर यह हमला परमाणु बम बनाने से रोकने को लेकर किया है, कम से कम ऐसा दावा किया जाता है, ऐसे में ईरान की नए हथियारों की धमकी कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। ईरान की बैलिस्टिक मिसाइलें पहले ही अमेरिका-इजराइल को चोट पर चोट दे रही है।
ईरान जल्द जंग में उतारेगा नया हथियार
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ने कहा है कि ईरान एक लंबे युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है और जल्द ही ऐसे नई पीढ़ी के रणनीतिक हथियार मैदान में उतारेगा, जिन्हें अब तक युद्ध में नहीं देखा गया है। ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नईनी ने कहा कि आक्रामक ताकतों को सजा देने के लिए ईरान लंबी लड़ाई के लिए तैयार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब तक ‘ट्रू प्रॉमिस-4 ऑपरेशन’ के तहत किए गए हमलों में ईरान ने अपनी वास्तविक सैन्य क्षमता का केवल एक छोटा हिस्सा ही इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा, “ईरान की नई रणनीतियां और हथियार जल्द सामने आएंगे। ये तकनीकें अभी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल नहीं की गई हैं। दुश्मन को आने वाले हर ऑपरेशनल चरण में दर्दनाक वार झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए।”
ईरान लॉन्च कर चुका है खैबर मिसाइल
यह बयान उस समय आया जब तेल अवीव पर ईरान वे खैबर मिसाइल से हमले किए हैं। जिनमें उच्च स्तर की सटीकता देखने को मिली। ईरान की मिसाइलों को रोकने में इजराइल और अमेरिका दोनों कई बार नाकाम दिखे हैं। यही कारण है कि इन दोनों के अलावा अमेरिका के सहयोगी देशों को भी ईरान की मिसाइलों के हमले झेलने पड़ रहे हैं।
