दुनिया

ईरान की मुद्रा रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंची, नए सिरे से विरोध प्रदर्शन शुरू, तेहरान की सड़कों पर उतरे लोग

खबरों के मुताबिक, ईरान के कई शहरों में सोमवार को विरोध प्रदर्शन हुए, हालांकि समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सरकारी मीडिया का हवाला देते हुए बताया कि रविवार और सोमवार दोनों दिन विरोध प्रदर्शन हुए।

Image

ईरान में विरोध प्रदर्शन (AP)

Iran protests- ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई प्रमुख शहरों में सोमवार को विरोध प्रदर्शन भड़क उठे। ये प्रदर्शन ईरान की मुद्रा के अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने और देश के केंद्रीय बैंक के प्रमुख मोहम्मद रजा फरजन के कथित तौर पर इस्तीफे के बाद हुए। प्रदर्शनकारियों को शांत करने के प्रयास में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने मंगलवार को कहा कि लोगों की आजीविका उनकी रोजमर्रा की चिंता है और उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों को वैध बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने ईरान के गृह मंत्री को प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के माध्यम से उनकी वैध मांगों को सुनने का निर्देश दिया है, ताकि सरकार समस्याओं को हल करने और जिम्मेदारी से जवाब देने के लिए पूरी ताकत से काम कर सके।

दोनों दिन विरोध प्रदर्शन हुए

खबरों के मुताबिक, ईरान के कई शहरों में सोमवार को विरोध प्रदर्शन हुए, हालांकि समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सरकारी मीडिया का हवाला देते हुए बताया कि रविवार और सोमवार दोनों दिन विरोध प्रदर्शन हुए। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी प्रतिबंधों के कारण ईरानी अर्थव्यवस्था को लगे झटके से विरोध प्रदर्शन भड़क उठे, क्योंकि खुले बाजार दरों की निगरानी करने वाली वेबसाइटों के अनुसार, देश की मुद्रा, रियाल, सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगभग 1,390,000 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई।

व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं

समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि ईरान में व्यापारियों ने सोमवार को अपनी दुकानें बंद कर दीं और दूसरों से भी ऐसा ही करने का आग्रह किया। एपी की रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रविवार को विरोध प्रदर्शन का दायरा काफी छोटा था, क्योंकि यह तेहरान के केवल दो प्रमुख मोबाइल बाजारों तक ही सीमित था। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 9 करोड़ लोगों की आबादी वाले ईरान में रियाल की गिरती दर के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतें आसमान छू गईं।

ईरान की खराब आर्थिक स्थिति के बीच जब लोग सड़कों पर उतरे, तो ऑनलाइन सामने आए कई फुटेज में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प दिखाई दे रही है। स्थानीय मीडिया ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कई गिरफ्तारियां हुईं। जनता में व्याप्त असंतोष पर प्रतिक्रिया देते हुए, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने मंगलवार को कहा कि सरकार के एजेंडे में मौद्रिक और बैंकिंग प्रणाली में सुधार करने और लोगों की क्रय शक्ति को बनाए रखने के लिए बुनियादी कदम शामिल हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article