दुनिया

कभी भी छिड़ सकती है एक नई जंग! ईरान का दावा- वो अमेरिका, इजराइल और यूरोप के साथ युद्ध की स्थिति में

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि उनका देश अमेरिका, इजराइल और यूरोपीय देशों के साथ युद्ध जैसी स्थिति में है। उन्होंने इसे 1980 के दशक के ईरान-इराक युद्ध से भी ज्यादा खतरनाक बताया और आरोप लगाया कि ये देश ईरान को अस्थिर करना चाहते हैं।

Image

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान (फाइल फोटो- AP)

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की निर्धारित मुलाकात से ठीक पहले, अंतरराष्ट्रीय राजनीति में तनाव बढ़ाने वाला बड़ा बयान सामने आया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा है कि उनका देश इस समय अमेरिका, इजराइल और यूरोपीय देशों के साथ “युद्ध की स्थिति” में है।

1980 के दशक के युद्ध से भी ज्यादा खतरनाक स्थिति

देश के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की वेबसाइट पर प्रकाशित एक साक्षात्कार में पेजेशकियान ने कहा कि मौजूदा हालात 1980 के दशक में हुए ईरान-इराक युद्ध से भी ज्यादा भयावह और जटिल हैं। उनके मुताबिक, यह संघर्ष सिर्फ सैन्य नहीं बल्कि राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक स्तर पर भी लड़ा जा रहा है।

“ईरान की स्थिरता नहीं चाहते ये देश”

ईरानी राष्ट्रपति ने आरोप लगाया कि अमेरिका, इजराइल और कई यूरोपीय देश ईरान को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह एक “बड़े पैमाने का युद्ध” है, जिसमें कई मोर्चों पर दबाव बनाया जा रहा है ताकि ईरान को कमजोर किया जा सके।

नेतन्याहू–ट्रंप बैठक से पहले बढ़ा तनाव

पेजेशकियान का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि दो दिन बाद नेतन्याहू और ट्रंप की अहम बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में पश्चिम एशिया की सुरक्षा, ईरान की भूमिका और क्षेत्रीय संघर्ष प्रमुख मुद्दे रहने की संभावना है।

स्थिति तनावपूर्ण

ईरान के इस बयान के बाद भू-राजनीतिक स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। अब अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर ट्रंप-नेतन्याहू बैठक और उसके संभावित परिणामों पर टिकी है। ईरान और इजराइल के बीच इस साल हमलों का दौर भी देखने को मिला था। इजराइल ने ईरान के भीतर तक हमला बोला था, पलटवार में ईरान ने भी इजराइल पर हमला बोला था। बाद में अमेरिका भी इस जंग में कूदा और ईरान के न्यूक्लियर साइट्स पर बमबारी कर उसे तबाह कर दिया था। इसके बाद सीजफायर तो हुआ लेकिन स्थिति तनावपूर्ण ही दिख रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!