दुनिया

खर्ग द्वीप के पास ईरानी तेल टैंकर पर अमेरिका ने दागीं 4 मिसाइलें, तेहरान का आरोप; खाड़ी में फिर बढ़ा तनाव

Image

ईरानी टैंकर पर अमेरिका का हमला।

अमेरिका ईरान में तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेहरान ने शनिवार को दावा किया कि अमेरिका ने फारस की खाड़ी में खर्ग द्वीप के पास एक ईरानी तेल टैंकर को मिसाइल से निशाना बनाया। ईरानी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरानी टैंकर पर चार मिसाइलें दागी। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की तत्काल सूचना नहीं है। अमेरिका की ओर से इस आरोप पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

टैंकर पर चार मिसाइलें दागने का दावा

ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी ने दावा किया कि खर्ग द्वीप से करीब छह समुद्री मील दूर एक छोटे ईरानी तेल टैंकर को चार अमेरिकी मिसाइलों ने निशाना बनाया। इस हमले के बाद चालक दल को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, हमले की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

होर्मुज में पहले से तनाव

यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हालिया टैंकर हमलों के बाद इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई है।

अमेरिका-ईरान संघर्ष फिर भड़कने का खतरा

अमेरिका और ईरान के बीच हाल के हफ्तों में तनाव दोबारा बढ़ा है। अमेरिका ने ईरान पर कई हमले किए हैं, जिसके बाद ईरान की ओर से भी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और सहयोगी देशों को निशाना बनाने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में खर्ग द्वीप के पास नया हमला संघर्ष को फिर बड़े पैमाने पर भड़का सकता है।

खर्ग द्वीप ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है। ऐसे में यहां के आसपास किसी टैंकर पर कथित अमेरिकी हमला पहले से तनावपूर्ण अमेरिका-ईरान संबंधों को और बिगाड़ सकता है। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अमेरिकी और ईरानी बलों के बीच टकराव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही को लेकर तनाव बना हुआ है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article