दुनिया

VIDEO: तुर्किये में आए भूकंप में लापता भारतीय व्यक्ति का शव मिला, OM के Tattoo से हुई पहचान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 12, 2023, 06:07 PM IST

Indian Dies in Turkey earthquake: इस दौरान लापता एक भारतीय नागरिक का भी पता चल गया है, मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले विजय कुमार का शव तुर्की के मलात्या शहर के होटल के मलबे से मिला है।

Image

उत्तराखंड के रहने वाले विजय कुमार का शव OM Tattoo से पहचाना गया

तुर्किए (Turkey) और सीरिया (Syria) में 6 फरवरी को आए विनाशकारी भूकंप में अबतक 30 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि हजारों लोग घायल हैं और हजारों लोग बेघर हैं, वक्त जैसे जैसे बीत रहा है मलबे से लोगों के जिंदा निकलने की संभावना कम होती जा रही है, ध्वस्त हुए घरों के मलबे से बड़ी संख्या में शवों का मिलना जारी है।

तुर्किये में छह फरवरी को आए भीषण भूकंप के बाद से लापता एक भारतीय नागरिक का शव शनिवार को उस होटल के मलबे से मिला, जहां वह ठहरा हुआ था।उत्तराखंड के पौड़ी जिले के निवासी और बेंगलुरु की एक कंपनी में कार्यरत विजय कुमार गौड़ एक आधिकारिक काम के सिलसिले में तुर्किये गए थे यहां उनके परिवार ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हवाले से कहा कि उनका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी। गौड़ के हाथों पर 'ओम' का टैटू था, जिससे उनकी पहचान हुई।

गौड़ पौड़ी जिले में कोटद्वार के पदमपुर इलाके के निवासी थे। शुक्रवार को उनके कपड़े मिले थे। तुर्किये में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया, 'हमें यह सूचित करते हुए दुख हो रहा है कि तुर्किये में छह फरवरी को आए भूकंप के बाद से लापता श्री विजय कुमार के अवशेष मालत्या होटल के मिले अवशेषों में पाये गये हैं और उनकी पहचान कर ली गयी है। वह वहां एक कारोबारी दौरे पर गए थे।' गौड़ की पत्नी और बेटा सकारात्मक खबर की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन किसी अनहोनी की उनकी आशंका सच साबित हो गई। शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए पड़ोसी और मित्र गौड़ के घर पहुंचे।

परिवार के सूत्रों ने भारतीय दूतावास के अधिकारियों के हवाले से बताया कि उनके शव को सबसे पहले इस्तांबुल और उसके बाद दिल्ली लाया जाएगा। उनके शव के कोटद्वार पहुंचने में तीन दिन लग सकते हैं। दूतावास ने ट्विटर पर कहा, 'उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। हम उनके अवशेष को उनके परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे हैं।'

उनके बड़े भाई अरुण कुमार गौड़ ने कहा कि उनका (छोटा) भाई विजय ऑक्सी प्लांट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के लिए काम करता था और वह वहां आधिकारी दौरे पर गया था। अपने भाई के लापता होने के बाद अरुण ने कहा, 'विजय का फोन बज रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा था। उन्होंने कहा कि विजय की पत्नी और छह साल के बेटे की आखिरी बार उनसे पांच फरवरी को बात हुई थी और वह 20 फरवरी को भारत लौटने वाला था।' विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा था कि भूकंप के बाद सुदूरवर्ती क्षेत्र में एक भारतीय लापता है और 10 अन्य फंसे हुए हैं लेकिन वे सुरक्षित हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article