Special TET 2026: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग आयोजनों ने शुक्रवार देर रात ‘विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा’ (विशेष टीईटी) की परीक्षा तिथि और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि स्पेशल टीजीटी की लिखित परीक्षा आगामी तीन नवंबर को प्रदेश के 6 प्रमुख मंडल मुख्यालयों में होगी।
इस बीच खबर है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना से संबंधित विज्ञप्ति जारी कर दी है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी गई है, जिसके माध्यम से वे अपने परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संबंधित विवरण देख सकते हैं। ध्यान दें कि सिटी इंटिमेशन स्लिप में परीक्षा शहर की जानकारी दी जाती है, जबकि परीक्षा केंद्र का पूरा पता प्रवेश पत्र में उपलब्ध कराया जाता है।
परीक्षा प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा के निर्धारित केंद्रों पर दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 09:30 से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02:30 से पांच बजे तक आयोजित होगी। आयोग की ओर से परीक्षा के लिए आधिकारिक विज्ञापन पांच सितंबर को प्रकाशित किया गया था।
आयोग के उपसचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी है कि परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और समयबद्ध यात्रा प्रबंधन के दृष्टिगत आवंटित परीक्षा जनपद का विवरण आयोग की आधिकारिक वेबसाइट http://upesssc.up.gov.in/ पर प्रदर्शित कर दिया गया है।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड
विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (Special TET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड 31 अक्टूबर 2026 से उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ एक वैध फोटो पहचान पत्र भी ले जाना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज परीक्षा तिथि, समय और केंद्र से संबंधित विवरण को ध्यानपूर्वक जांच लें।
