दुनिया

US में भारतीय मूल के किशोर ने मां, छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, ChatGPT पर सर्च किया था 'किल फैमिली'

आरोप है कि अर्जुन ने मंगलवार को घर में अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया और फिर फरार हो गया। सिद्धार्थ एवं सुधा 'गंभीर रूप से घायल’अवस्था में मिले थे। अभी यह पता नहीं चल सका है कि हत्या में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया।

Image

मैसाचुसेट्स में भारतीय किशोर पर हत्या का आरोप। -प्रतीकात्मक तस्वीर

Photo : PTI

US News: अमेरिका के मैसाचुसेट्स राज्य में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर उपनगरीय इलाके में स्थित अपने घर में अपनी मां और छोटे भाई की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। ऐक्टन निवासी अर्जुन अरविंद पर अपने 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद और 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन की मौत के मामले में हत्या के दो आरोप, परिवार या घर के किसी सदस्य पर हमला और मारपीट के दो आरोप, हमला और मारपीट के दो अन्य आरोप, बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने तथा मोटर वाहन चोरी करने के आरोप लगाए गए हैं।

जानलेवा हमला करने के बाद फरार हुआ

आरोप है कि अर्जुन ने मंगलवार को घर में अपनी मां और भाई पर जानलेवा हमला किया और फिर फरार हो गया। सिद्धार्थ एवं सुधा 'गंभीर रूप से घायल’अवस्था में मिले थे। अभी यह पता नहीं चल सका है कि हत्या में किस तरह के हथियार का इस्तेमाल किया गया। मिडिलसेक्स डिस्ट्रिक अटॉर्नी मैरिएन रयान और ऐक्टन पुलिस प्रमुख डगलस स्टर्निओलो ने बताया कि सिद्धार्थ एवं सुधा बोस्टन से करीब 48 किलोमीटर दूर ऐक्टन के मार्था लेन स्थित अपने घर में मंगलवार को मृत मिले।

पिता ने कहा-परिवार से संपर्क नहीं हो पा रहा

अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि ऐक्टन पुलिस को 11 अगस्त को शाम छह बजकर 37 मिनट पर अर्जुन के पिता का फोन आया। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। मार्था लेन स्थित मकान में पहुंचने पर पुलिस ने दोनों को अंदर मृत पाया। अधिकारियों के अनुसार, सिद्धार्थ का शव पहली मंजिल पर और सुधा का शव भूमिगत तल में मिला।

पार्किंग स्थल से अर्जुन पकड़ा गया

पुलिस ने बताया कि अर्जुन घर पर नहीं था और अपनी मां की कार लेकर कथित तौर पर फरार हो गया था। जांचकर्ताओं ने बुधवार तड़के मैसाचुसेट्स के वेलैंड में एक पार्किंग स्थल से अर्जुन को पकड़ लिया।

कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा आरोपी

मिडिलसेक्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के कार्यालय ने कहा कि जांचकर्ताओं को पता चला कि अर्जुन हाल के दिनों में चिंताजनक व्यवहार कर रहा था।

बयान में कहा गया, 'बाद की जांच से पता चला कि अर्जुन हाल ही में चिंताजनक व्यवहार कर रहा था। इसमें इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल कर अपने परिवार की हत्या से जुड़े सैद्धांतिक विचारों या कल्पनाओं के बारे में सर्च करना भी शामिल था।' अर्जुन को बुधवार को लोवेल जुवेनाइल कोर्ट में पेश किए जाने की उम्मीद थी। हालांकि, जुवेनाइल कोर्ट के पास हत्या के आरोपों पर सुनवाई का अधिकार क्षेत्र नहीं है। इसलिए अब उसे हत्या और संबंधित हमले के आरोपों में बाद में कॉनकॉर्ड डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article