दुनिया

उत्तरी इजराइल में लेबनान ने किया एंटी-टैंक मिसाइल हमला, एक भारतीय की मौत, दो घायल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2024, 10:14 AM IST

ऐसा माना जा रहा है कि यह हमला लेबनान में हिजबुल्ला की ओर से किया गया है जो गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में आठ अक्टूबर से ही मिसाइलें दाग रहा है।

Image

इस्राइल में भारतीय की मौत (File photo)

Photo : AP

Indian man killed in Israel: इजराइल की उत्तरी सीमा पर स्थित मार्गलियॉट के पास एक बाग में लेबनान की ओर से दागी गई टैंक रोधी मिसाइल की चपेट में आने से सोमवार को एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि तीनों लोग दक्षिणी राज्य केरल के रहने वाले हैं। बचाव सेवा मागेन डेविड अडोम (MDA) के प्रवक्ता जाकी हेलेर ने बताया कि मिसाइल सोमवार सुबह करीब 11 बजे उत्तरी इजराइल के गलीली क्षेत्र में मार्गलियॉट (सामूहिक कृषक समुदाय) के एक बाग में जाकर गिरी।

केरल के कोल्लम का निवासी

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस हमले में केरल में कोल्लम के रहने वाले पैटनिबिन मैक्सवेल की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना में बुश जोसेफ जॉर्ज और पॉल मेल्विन भी घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक आधिकारिक सूत्र ने बताया कि जॉर्ज को चेहरे और शरीर पर चोट आने के बाद बीलिनसन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका एक ऑपरेशन किया गया है। वह चोटों से उबर रहा है और उसे निगरानी में रखा गया है। वह भारत में अपने परिवार से बात कर सकता है।

लेबनान में हिजबुल्ला की ओर से हुआ हमला

मेल्विन को मामूली चोट आई है और उसे उत्तरी इजराइल के साफेद शहर में जीव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह केरल के इडुक्की जिले का रहने वाला है। ऐसा माना जा रहा है कि यह हमला लेबनान में हिजबुल्ला की ओर से किया गया है जो गाजा पट्टी में चल रहे युद्ध के बीच हमास के समर्थन में आठ अक्टूबर से ही रोजाना उत्तरी इजराइल में रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन हमले कर रहा है। (पीटीआई-भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article