Doha Indian Embassy Advisor: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच कतर की राजधानी दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने अपने संदेश में कहा है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए कतर में रहने वाले सभी भारतीय नागरिक स्थानीय प्रशासन, खासकर गृह मंत्रालय द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। दूतावास ने भारतीय समुदाय से अपील की है कि वे यथासंभव सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और खिड़कियों या खुले स्थानों के पास जाने से बचें। साथ ही दूतावास कतर के अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए भी लगातार साझा कर रहा है, ताकि भारतीय नागरिकों को समय-समय पर जरूरी जानकारी मिलती रहे।
वीजा की वैधता एक महीने के लिए बढ़ी
भारतीय दूतावास ने अपने संदेश में बताया है कि फिलहाल कतर का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है और सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। दूतावास के अनुसार कतर एयरवेज 7 मार्च को सुबह 9 बजे (दोहा समय) उड़ानों से जुड़ी नई जानकारी जारी करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ताज़ा अपडेट के लिए अपनी संबंधित एयरलाइनों के संपर्क में बने रहें। वहीं, कतर के आंतरिक मंत्रालय ने घोषणा की है कि जिन लोगों के प्रवेश वीजा समाप्त हो चुके हैं या जल्द समाप्त होने वाले हैं, उनकी वैधता एक महीने के लिए बढ़ा दी गई है। जरूरत पड़ने पर इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। यह निर्णय 28 फरवरी 2026 से लागू माना जाएगा। इसके अलावा, आपात स्थिति में कतर से सऊदी अरब जाने के लिए सलवा भूमि सीमा चौकी के रास्ते यात्रा करने का विकल्प फिलहाल खुला रखा गया है।
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने और क्या बताया?
भारतीय दूतावास ने जानकारी दी है कि जिन भारतीय नागरिकों के पास अमेरिका, ब्रिटेन या शेंगेन देशों का वीजा है और जिनका कम से कम एक बार इस्तेमाल किया जा चुका है, वे सऊदी अरब पहुंचने पर वीजा प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, जो अन्य भारतीय नागरिक सऊदी अरब के रास्ते यात्रा करना चाहते हैं, वे निर्धारित नियमों के अनुसार सऊदी वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने यह भी बताया कि सऊदी अरब के लिए अस्थायी ट्रांजिट वीजा प्राप्त करने में सहायता के लिए एक विशेष पंजीकरण लिंक शुरू किया जा रहा है। यह सुविधा केवल उन भारतीय नागरिकों के लिए उपलब्ध होगी जो इस समय कतर में ट्रांजिट के दौरान फंसे हुए हैं और जिनके पास सऊदी अरब से आगे की यात्रा के लिए पुष्टि किया हुआ टिकट मौजूद है।
दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
पंजीकरण करते समय यात्रियों को कतर पहुंचने वाली अपनी फ्लाइट टिकट और सऊदी अरब से आगे की यात्रा के लिए बुक की गई टिकट की प्रतियां जमा करनी होंगी। सलवा सीमा चौकी तक पहुंचने और वहां से आगे प्रस्थान वाले हवाई अड्डे तक जाने की सभी यात्रा व्यवस्थाएं संबंधित व्यक्ति को स्वयं करनी होंगी। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस सुविधा की व्यवस्था करने के लिए उन्हें पर्याप्त समय की आवश्यकता होगी, इसलिए आवेदकों को कम से कम 48 घंटे का समय ध्यान में रखकर पंजीकरण करना होगा। इसके अलावा, यात्री भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +97455647502 या +97455362508 पर संपर्क भी कर सकते हैं।
(इनपुट - आईएएनएस)
