भारत अगली पीढ़ी के 6G दूरसंचार नेटवर्क के विकास और विस्तार को दिशा देने के लिए एक बड़े वैश्विक गठबंधन में शामिल हो गया है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने सोमवार को घोषणा की कि भारत ने अमेरिका और 24 अन्य देशों के साथ मिलकर नेक्स्ट-जेनरेशन नेटवर्क पहल पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते को G20 इनोवेशन मिनिस्टीरियल बैठक के इतर अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारत के केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के बीच हुई द्विपक्षीय बातचीत के बाद अंतिम रूप दिया गया।
सुरक्षा, नवाचार और प्रतिस्पर्धा पर जोर
अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक और भारतीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के बीच 6G के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। भारत, अमेरिका और 24 अन्य देशों का यह संयुक्त प्रयास यह सुनिश्चित करेगा कि 6G नेटवर्क साझा सुरक्षा हितों के अनुकूल हो, देशों की प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करे और नवाचार (इनोवेशन) को गति दे।
सेमीकंडक्टर, AI और डेटा सेंटर्स पर भी द्विपक्षीय वार्ता
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित चैपल हिल में 1 और 2 सितंबर को आयोजित जी20 इनोवेशन मिनिस्टर्स बैठक में जितिन प्रसाद ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। जितिन प्रसाद ने कहा कि सेमीकंडक्टर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर्स आधुनिक डिजिटल अर्थव्यवस्था के सबसे अहम आधार स्तंभ हैं। बैठक में भारत ने 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0' (ISM 2.0) में अमेरिकी निवेश को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही दोनों देशों ने AI तकनीक में सहयोग बढ़ाने और एआई सुरक्षा से जुड़े तंत्र पर विचार साझा किए। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
वैश्विक तकनीकी एजेंडे में भारत की मजबूत भूमिका
जी20 बैठक के समापन पर जारी संयुक्त बयान में मंत्रियों ने माना कि उभरती प्रौद्योगिकियों में समृद्धि लाने, उत्पादकता बढ़ाने और नागरिकों के लिए अवसर पैदा करने की अपार क्षमता है। इस वैश्विक 6G गठबंधन में शामिल होकर भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह वैश्विक स्तर पर तकनीक, सेमीकंडक्टर, एआई और दूरसंचार नीतियों को आकार देने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
