दुनिया

बांग्लादेश ने आम चुनावों के लिए भारत को पर्यवेक्षक बनने का भेजा न्योता; इन देशों से जवाब का इंतजार

Bangladesh Elections: बांग्लादेश ने आम चुनावों के लिए भारत को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया है। हालांकि, भारत सरकार की ओर से अभी कोई भी आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

Image

बांग्लादेश ने भारत को भेजा पर्यवेक्षक बनने का न्योता (फाइल फोटो)

Bangladesh Elections: बांग्लादेश ने रविवार को आम चुनावों के लिए भारत को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया है। बता दें कि बांग्लादेश में 12 फरवरी को आम चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस ने भारत को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षक बनने का न्योता भेजा दिया है। हालांकि, इस पर भारत सरकार की अभी कोई औपचारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

किन देशों ने अभी नहीं की पुष्टि

समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, युनुस ने बताया कि अब तक 330 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनावों में शामिल होने की पुष्टि की है। हालांकि, भारत, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया समेत कुछ देशों ने अभी पुष्टि नहीं की है। इन देशों में ब्राजील, कनाडा, मिस्र, फ्रांस , कुवैत, मोरक्को, नाइजीरिया और रोमानिया शामिल हैं।

अब तक 330 पर्यवेक्षकों की पुष्टि

बकौल युनुस, इस्लामिक सहयोग संगठन (OIC) सहित छह अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने बांग्लादेश के 13वें आम चुनाव और जुलाई नेशनल चार्टर पर होने वाले जनमत संग्रह के लिए कम से कम 63 पर्यवेक्षक भेजने पर सहमति जताई है, ये दोनों फरवरी में होने वाले हैं। इन संगठनों के पर्यवेक्षक यूरोपीय संघ, 16 देशों और विभिन्न वैश्विक संस्थाओं से जुड़े 32 स्वतंत्र पर्यवेक्षकों के साथ मिलकर चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। अब तक कुल 330 अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों की पुष्टि हो चुकी है।

बयान में आगे कहा गया कि इस बार अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों की संख्या 7 जनवरी 2024 को हुए विवादित चुनाव की तुलना में दोगुनी से भी ज्यादा है। 12वें, 11वें और 10वें आम चुनाव के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों की संख्या क्रमशः 158, 125 और 4 थी। OIC की चुनाव पर्यवेक्षण इकाई के प्रमुख शाकिर महमूद बंदार दो सदस्यीय OIC प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इसके अलावा, कई पर्यवेक्षक अमेरिका और यूरोप से भी होंगे।

12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों की तैयारियों के बीच, बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में विदेश मामलों के सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने कहा कि ये चुनाव बेहद अहम हैं और शांतिपूर्ण तरीके से होने चाहिए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article