शाहजहांपुर के तिलहर में 6 साल की मासूम से दरिंदगी, 5 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो के तहत मुकदमा दर्ज

यूपी के शाहजहांपुर स्थित तिलहर थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी रामऔतार को 5 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

google

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(2) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 5(M)/6 के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तिलहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मुकदमा दर्ज होने के महज पांच घंटे के भीतर आरोपी रामऔतार (40) को गिरफ्तार कर लिया।

Shahjahanpur Tilhar Minor Rape Case
Photo : Times Now Digital

शाहजहांपुर के तिलहर क्षेत्र का मामला

शादी समारोह के दौरान झांसा देकर घर ले गया आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 24 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे तिलहर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव में एक शादी समारोह चल रहा था और डीजे बज रहा था, जहां बच्ची भी पहुंची थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले रामऔतार ने बच्ची को बहाने से अपने घर बुलाया और उसके साथ इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद किसी तरह अपने घर पहुंची मासूम ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता की मां ने दिल्ली में काम कर रहे अपने पति को फोन पर मामले की जानकारी दी। पति के दिल्ली से गांव लौटने के बाद गुरुवार को मां अपनी बेटी को लेकर तिलहर थाने पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।

फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए

शिकायत मिलते ही पुलिस एक्शन में आ गई। मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (CO) विदुष सक्सेना ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर तत्काल सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर आरोपी रामऔतार को पांच घंटे के भीतर दबोच लिया। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक लैब) की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूर्व की घटनाओं में संलिप्तता की चर्चाएं, जांच जारी

स्थानीय स्तर पर आरोपी रामऔतार के पूर्व में भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों या घटनाओं में शामिल रहने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और इन चर्चाओं की सत्यता की गहन जांच की जा रही है। मासूम के साथ हुई इस बर्बर घटना ने एक बार फिर स्थानीय स्तर पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं, वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए केस को मजबूती से अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

End of Article
Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Feed