Donald Trump on Nuclear Weapons: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप ने परमाणु हथियारों की दौड़ और तेज करने का ऐलान कर दिया है। ट्रंप कहा है कि उन्होंने युद्ध विभाग को परमाणु हथियारों का परीक्षण शुरू करने का आदेश दिया है। हाल ही में रूस की ओर से परमाणु मिसाइल के परीक्षण और चीन की लगातार बढ़ती ताकत के बीच ट्रंप ने ये ऐलान किया है। ट्रंप को डर सता रहा है कि रूस-चीन जल्दी ही उसकी ताकत की बराबरी पर आ जाएंगे।
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
इसे लेकर ट्रंप ने पोस्ट किया, संयुक्त राज्य अमेरिका के पास किसी भी अन्य देश की तुलना में सबसे अधिक परमाणु हथियार हैं। यह मेरे पहले कार्यकाल के दौरान ही संभव हो पाया, जिसमें मौजूदा हथियारों का पूर्ण अपडेट और नवीनीकरण भी शामिल है। इसकी प्रचंड विनाशकारी शक्ति के कारण, मुझे ऐसा करने से नफरत थी, लेकिन मेरे पास कोई विकल्प नहीं था! रूस दूसरे स्थान पर है, और चीन काफी दूर तीसरे स्थान पर है, लेकिन अगले 5 वर्षों में हम बराबरी पर आ जाएंगे। अन्य देशों के परीक्षण कार्यक्रमों के कारण, मैंने युद्ध विभाग को निर्देश दिया है कि वे हमारे परमाणु हथियारों का समान आधार पर परीक्षण शुरू करें। यह प्रक्रिया तुरंत शुरू होगी। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!

परमाणु हथियारों पर ट्रंप का ऐलान
रूस की परमाणु-संचालित ‘बुरेव्स्तनिक’ क्रूज मिसाइल
दरअसल, कुछ दिन पहले ही रूस ने अपनी परमाणु-संचालित ‘बुरेव्स्तनिक’ (Burevestnik) क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को इसकी जानकारी दी थी। पुतिन ने सशस्त्र बलों को इस मिसाइल की तैनाती के लिए आवश्यक ढांचा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस मिसाइल को नाटो देश (Skyfall Missile) कहते हैं।
टेलीविजन पर टेलिकास्ट एक बैठक में पुतिन ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ और अन्य शीर्ष सैन्य अधिकारियों से बातचीत के दौरान बताया कि हाल ही में हुए परमाणु बलों के अभ्यास के दौरान ‘बुरेव्स्तनिक’ मिसाइल ने 15 घंटे तक उड़ान भरी और लगभग 14,000 किलोमीटर की दूरी तय की।
सामान्य मिसाइलों से कैसे अलग है ‘बुरेव्स्तनिक’?
यह मिसाइल किसी सामन्य मिसाइलों से बिल्कुल अलग है। इस मिसाइल में छोटा परमाणु रिएक्टर लगा होता है, जो इसे अनलिमिटेड रेंज देता है। यूं तो सामान्य मिसाइलें ईंधन खत्म होने पर रुक जाती हैं, लेकिन यह परमाणु ऊर्जा से चलती है। यह मिसाइल हफ्तों या महीनों तक उड़ सकती है।
