Hyderabad Woman Found dead in Australia: हैदराबाद की एक 36 वर्षीय महिला की ऑस्ट्रेलिया में संदिग्ध मौत हो गई है। महिला का शव ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया बकले में एक सड़क के किनारे कूड़ेदान के अंदर मिला। महिला की पहचान चैतन्य मधागानी के रूप में हुई है। उनके पति, अशोक राज वरिकुप्पला ऑस्ट्रेलिया छोड़कर दंपति के बेटे के साथ भारत आ गए जिससे जांच तेज हो गई।
एक बयान में विक्टोरिया पुलिस ने कहा कि होमिसाइड स्क्वाड के पुलिसकर्मी आज दोपहर विनचेल्सिया के पास बकले में एक मृत महिला के पाए जाने के बाद जांच कर रहे हैं। बयान में कहा गया कि अधिकारियों को दोपहर के समय महिला का शव माउंट पोलक रोड पर मिला।
विक्टोरिया पुलिस के बयान में कहा कि जांचकर्ता मौत को संदिग्ध मान रहे हैं। जांच के इस स्तर पर यह माना जा रहा है कि इसमें शामिल पक्ष एक-दूसरे को जानते हैं और अपराधी विदेश भाग गया होगा। समुदाय के लिए तत्काल कोई खतरा नहीं है और कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
