दुनिया

अमेरिका में तबाही मचाने आ रहा विनाशकारी तूफान मिल्टन; हजारों फ्लाइटें रद्द, राष्ट्रपति जो बाइडन ने टाली विदेश यात्रा

Hurricane Milton: अमेरिका में तूफान मिल्टन से भारी तबाही आ सकती है। यूएस के राष्ट्रपति जो बाइडन ने भी नागरिकों को अलर्ट किया है। उन्होंने कहा कि यह सदी का सबसे भयानक तूफान हो सकता है। इस बीच राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी जर्मनी और अंगोला की यात्रा को टाल दिया है।

Image

अमेरिका में आ रहा तूफान मिल्टन

Photo : iStock

Hurricane Milton: अमेरिका में मिल्टन तूफान से तबाही की आशंका है। तूफान मंगलवार को फ्लोरिडा के टैंपा खाड़ी तट की ओर बढ़ रहा है। तूफान के मद्देनजर फ्लोरिडा में प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों को खाली करने के आदेश दिए हैं। 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा गया है। हेलेन तूफान के तबाही मचाने के 2 हफ्तों से भी कम समय बाद तूफान मिल्टन आया है। मिल्टन तूफान बुधवार को तट से टकरा सकता है, जिससे फ्लोरिडा के घनी आबादी वाले पश्चिमी तट में खतरा पैदा हो सकता है। अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने कहा कि मिल्टन पश्चिम-मध्य फ्लोरिडा के लिए अब तक के सबसे विनाशकारी तूफानों में से एक हो सकता है। टैंपा खाड़ी के उत्तर और दक्षिण में तटीय रेखा के साथ 10 से 15 फीट लहरों के उठने की आशंका है। अमेरिकी राष्ट्रीय तूफान केंद्र ने 254 मिमी या उससे अधिक बारिश का पूर्वानुमान दिया है। इससे बाढ़ आने का भी खतरा है। लगभग 900 घरेलू और अंतराष्ट्रीय उड़ानों में देरी हुई है। लगभग 700 उड़ानें रद्द की गई हैं। बुधवार के लिए निर्धारित 1500 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

राष्ट्रपति जो बाइडन ने टाली जर्मनी और अंगोला की यात्रा

व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने 10-15 अक्टूबर की जर्मनी और अंगोला की अपनी यात्रा मंगलवार को स्थगित कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने उन लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाने का आग्रह किया, जिन्हें फ्लोरिडा में तूफान मिल्टन के आने से पहले वहां से चले जाने का आदेश दिया गया है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि यह जिंदगी और मौत का मामला है। यह फ्लोरिडा में एक सदी से भी अधिक समय में आने वाला सबसे भयंकर तूफान हो सकता है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि ऐसा न हो, लेकिन अभी तो ऐसा ही लग रहा है। राष्ट्रपति जो बाइडन ने फ्लोरिडा में आपातकालीन घोषणाओं को मंजूरी दे दी है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article