Sonia Gandhi Health: कांग्रेस की संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी की तबीयत रविवार को खराब होने के बाद सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति स्थिर है और डॉक्टर उनपर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. अजय स्वरूप ने बताया- "सोनिया गांधी को पेट से संबंधित समस्या के लिए सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के तहत कल (रविवार, 15.06.2025) रात 9:00 बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह वर्तमान में स्थिर हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।"
सोनिया गांधी की पहले भी हो चुकी हैं भर्ती
सोनिया गांधी को इस महीने दूसरी बार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले, 7 जून को शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) अस्पताल में उनका एमआरआई किया गया था। उस दौरान राज्यसभा सांसद ने बेचैनी की शिकायत की थी और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। आईजीएमसी के एक डॉक्टर के अनुसार, सोनिया गांधी का ब्लड प्रेशर थोड़ा अधिक था, लेकिन उनकी हालत सामान्य और स्थिर थी।
अमेरिका में चल चुका है इलाज
इसके अलावा, कुछ महीने पहले सोनिया गांधी को पेट से संबंधित समस्या के कारण दिल्ली में अस्पताल में भर्ती किया गया था। फरवरी में सर गंगा राम अस्पताल में उन्हें एक दिन के लिए गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ की देखरेख में भर्ती किया गया था। सितंबर 2022 में सोनिया गांधी मेडिकल जांच के लिए अमेरिका गई थीं। उस यात्रा के दौरान उनके बेटे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी उनके साथ थे। इस अमेरिका यात्रा के कारण सोनिया गांधी को 2022 के संसद के मानसून सत्र का काफी हिस्सा छोड़ना पड़ा था।
