Imran Khan: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने अपनी पार्टी के समर्थकों से कहा है कि 'यदि जेल में उन्हें कुछ होता है तो वे इसके लिए सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार ठहराएं।' इमरान का यह संदेश उनके X अकाउंट पर है। अपने पोस्ट में इमरान ने कहा, 'जेल में जिस तरह का बुरा बर्ताव मेरे साथ किया जाता है, हाल के दिनों में वह ज्यादा हो गया है। ऐसी ही बात मेरी पत्नी बुशरा बीवी के साथ है। यहां तक कि उनके सेल में टेलिविजन बंद कर दिया गया है। मानवीय और कैदियों को कानूनी रूप से मिले सभी बुनियादी अधिकार हमसे छीन लिया गया है।'
पाक के पूर्व पीएम ने कहा, 'इसलिए, मैं पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ को निर्देश देता हूं कि जेल में यदि कुछ भी मेरे साथ होता है तो इसके लिए वे आसिम मुनीर को जिम्मेदार ठहराएं।'
एक बड़े अभियान की शुरुआत करने जा रही है PTI
खान की पार्टी पीटीआई शहबाज शरीफ सरकार और सैन्य प्रतिष्ठान पर खान को रिहा करने के लिए दबाव बनाने के लिए पांच अगस्त से पूरे देश में एक बड़े अभियान की शुरुआत करने की तैयारी कर रही है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा,‘मैं अपनी पूरी जिंदगी जेल में बिताने को तैयार हूं, लेकिन अत्याचार और दमन के आगे झुकने का सवाल ही नहीं उठता। पाकिस्तान की जनता के लिए मेरा संदेश एक ही है - किसी भी हालत में इस दमनकारी व्यवस्था के आगे न झुकें।’
बातचीत का समय बीत चुका है-इमरान
खान ने दोहराया और कहा कि बातचीत का समय बीत चुका है - अब देशव्यापी विरोध का समय है। खान ने कहा कि यहां तक कि दोषी ठहराए गए हत्यारों और आतंकवादियों को भी उनसे बेहतर स्थिति में रखा जाता है। उन्होंने एक सैन्य कर्मी का नाम लेते हुए कहा कि उसे ‘जेल में वीआईपी सुविधा दी जा रही है।’पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज और संघीय गृह मंत्री मोहसिन नकवी की आलोचना करते हुए खान ने कहा कि दोनों ने पिछले दो वर्षों से पंजाब के लोगों पर अत्याचार और फासीवाद का माहौल बना रखा है।
खान की बहन अलीमा खान ने भी संवाददाताओं को बताया कि इमरान खान ने पीटीआई के सदस्यों को संदेश दिया है कि अगर जेल में उनके साथ कुछ भी होता है तो जनरल असीम मुनीर को उसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाए।
