France Terror Attack: फ्रांस में एक आतंकी हमले की आशंका जताई जा रही है। एक स्कूल पर यह हमला हुआ है, जिसमें एक टीचर की मौत हो गई है,जबकि 2 घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार चाकू से लैस हत्यारे ने उत्तरी फ्रांस के हाई स्कूल में एक शिक्षक की हत्या कर दी।
इसी स्कूल का छात्र था आरोपी
आरोपी कभी इसी स्कूल में पढ़ता था। इस हमले में एक अन्य शिक्षक और एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने कहा, इजरायल और हमास के बीच युद्ध को लेकर बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच संभावित आतंकवाद के रूप में इस हमले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जांच में जुटे अधिकारी
फ्रांसीसी आतंकवाद विरोधी अभियोजकों ने कहा कि वे पेरिस के उत्तर में लगभग 115 मील (185 किलोमीटर) दूर अर्रास शहर के गैम्बेटा हाई स्कूल में हुए इस हमले की जांच कर रहे हैं। वो आरोपी के खिलाफ आतंकवाद से संबंधित हत्या और हत्या के प्रयास सहित आरोपों की जांच कर रहे थे। फ्रांस की नेशनल पुलिस ने कहा कि संदिग्ध हमलावर चेचन मूल का रूसी नागरिक था। पहले से ही इस संदिग्ध पर पुलिस की नजर थी, लेकिन हमले से पहले वो बेदाग ही था।
अल्लाहु अकबर का नारा
घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाले पुलिस अधिकारी स्लीमन हमजी ने कहा कि संदिग्ध हमलावर, अरबी में "अल्लाहु अकबर" या "भगवान महान है" चिल्लाया था। घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच जारी है।
