Pakista-Afghanistan Crisis: डूरंड लाइन पर शनिवार तड़के फिर से पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष शुरू हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान की सेना ने मीरानशाह, खैबर पख्तूनख्वा, स्पीनवाम और उत्तरी वजीरिस्तान में पाकिस्तानी सेना के पोस्टों पर हवाई हमले किए। पकतिया के तारवा जिले में सुबह तीन बजे दोनों देशों के बीच लड़ाई शुरू हो गई। पाकिस्तानी सेना ने अफगान तालिबान के खिलाफ ऑपरेशन गजब-लिल-हक शुरू किया है। इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तानी सेना डूरंड लाइन पर तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई एवं जमीनी हमले कर रही है।
तालिबान की 8 नई पोस्ट तबाह करने का दावा
रिपोर्टों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के हवाले से कहा गया है कि हमलों मं अफगान तालिबान की 8 नई पोस्ट तबाह हुई हैं। इससे दुश्मन लड़ाके भागने पर मजबूर हो गए। सुरक्षाबलों के सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना अपने देश को खतरों से बचाने के लिए सभी मोर्चों पर मुकाबला कर रही है। पाकिस्तान सुरक्षा बलों ने जौबा सेक्टर, पक्तिका में अफगान तालिबान की डेल्टा पोस्ट को निशाना बनाया। पाकिस्तान आर्मी के सैनिकों ने अफगानिस्तान के ठिकानों को तबाह कर दिया है। किला सैफुल्लाह सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने भारी गोलाबारी की है। अफगान तालिबान का एडम खेल पुलिस स्टेशन तबाह होने की बात सामने आई है। यही नहीं पाकिस्तानी सेना ने चित्राल में तालिबान के कंडिक्सी बेस को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग’
पाकिस्तान ने शुक्रवार को कहा कि अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग’ जारी है और उसकी सेनाओं के हवाई हमलों में 270 से अधिक तालिबान लड़ाकें मारे गये और 400 से अधिक घायल हो गये। पाकिस्तान द्वारा ये हमले अफगान तालिबान के सीमा पार हमले के जवाब में किये गये। इस बीच अफगानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि अफगान बलों ने 55 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया और पाकिस्तान के अंदर उन ठिकानों को निशाना बनाया जिन्हें उन्होंने महत्वपूर्ण सैन्य लक्ष्य बताया।
2,611 किलोमीटर लंबी है डूरंड लाइन
दोनों देशों के बीच 2,611 किलोमीटर लंबी सीमा को डूरंड रेखा कहा जाता है, जिसे अफगानिस्तान औपचारिक रूप से मान्यता नहीं देता। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि हमारे देश का धैर्य अब जवाब दे चुका है और अब अफगानिस्तान के खिलाफ 'खुली जंग’ जारी है। आसिफ ने ’एक्स’ पर कहा, 'हमारे देश का धैर्य अब जवाब दे चुका है और अब अफगानिस्तान के खिलाफ खुली जंग जारी है...अब होगा ’दमा दम मस्त कलंदर’। पाकिस्तान की सेना समुद्र पार से नहीं आई है। हम आपके पड़ोसी हैं; हम आपके हर कोने से वाकिफ हैं।’
