फिर दुनिया में गूंजी PM मोदी के नाम की धमक, अब इस देश ने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा; पीएम बोले- मेरे लिए गौरव की बात
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Dec 17, 2025, 12:07 AM IST
इथियोपिया ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' से सम्मानित किया है। वे यह सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक नेता/राष्ट्राध्यक्ष हैं। गौरतलब है कि इससे पहले करीब दो दर्जन देश पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं।
पीएम मोदी।
पीएम मोदी को इथियोपिया ने अपने सर्वोच्च सम्मान द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया से सम्मानित किया है। पीएम मोदी यह पुरस्कार पाने वाले पहले वैश्विक नेता हैं। इस मौके पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि इथियोपिया में आना उनके लिए सम्मान की बात है। बता दें कि अब तक 27 देश पीएम मोदी को अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुते हैं। इथियोपिया ऐसा करने वाला 28वां देश है।
पीएम मोदी बोले- यह मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इथियोपिया की इस महान धरती पर आप सबके बीच होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मैं आज दोपहर इथियोपिया पहुंचा...मुझे यहां के लोगों से एक अद्भूत अपनापन और आत्मीयता मिली है। प्रधानमंत्री खुद मुझे एयरपोर्ट पर लेने आए थे। वे मुझे फ्रेंडशिप पार्क और साइंस म्यूजियम ले गए। आज शाम यहां के नेतृत्व के साथ मेरी महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है। यह सब अपने आप में एक अविस्मरणीय अनुभव है।
यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अभी-अभी मुझे द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया के रूप में इस देश का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया गया है। विश्व की अति प्राचीन और समृद्ध सभ्यता द्वारा सम्मानित किया जाना मेरे लिए बहुत गौरव की बात है। मैं सभी भारतवासियों की ओर से इस सम्मान को पूरी विनम्रता के साथ ग्रहण करता हूं। यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने हमारी साझेदारी को आकार दिया है।
24 दिनों में बना पीएम मोदी की इथियोपिया जाने का प्लान
पीएम मोदी ने कहा कि यदि यह यात्रा सामान्य राजनयिक प्रक्रिया के अनुसार होती, तो शायद इसमें बहुत समय लग जाता। लेकिन आपके प्रेम और स्नेह ने मुझे मात्र 24 दिनों के भीतर यहाँ ला खड़ा किया। इस अवसर पर मैं अपने मित्र प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। पिछले महीने, जब हम दक्षिण अफ्रीका में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान मिले थे, तब आपने बड़े स्नेह और उचित भाव से मुझे इथियोपिया आने का आग्रह किया था। भला मैं अपने मित्र, अपने भाई के इस निमंत्रण को कैसे ठुकरा सकता था? इसलिए, मैंने पहले ही मौके पर इथियोपिया आने का फैसला किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज जब पूरे विश्व की नजर ग्लोबल साउथ पर है, ऐसे में इथियोपिया की स्वाभिमान, स्वतंत्रता और आत्मगौरव की चिरकालीन परंपरा हम सभी के लिए सशक्त प्रेरणा है। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य उन्हीं साझेदारियों का होता है जो विजन और भरोसे पर आधारित हों। हम इथियोपिया के साथ मिलकर ऐसे सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो बदलती वैश्विक चुनौतियों का समाधान भी करे और नई संभावनाओं का निर्माण भी करे।
'सा विद्या या विमुक्तिये' में हमारा विश्वास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम भारत में हमेशा से 'सा विद्या या विमुक्तिये' में विश्वास रखते आए हैं। शिक्षा किसी भी देश की आधारशिला है। मुझे गर्व है कि इथियोपिया और भारत के संबंधों में सबसे महत्वपूर्ण योगदान हमारे शिक्षकों का रहा है। इथियोपिया की महान संस्कृति ने उन्हें यहां आकर्षित किया और उन्हें यहां कई पीढ़ियों को शिक्षित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। आज भी कई भारतीय शिक्षक इथियोपिया के विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों में कार्यरत हैं।
पीएम मोदी ने अपने इथियोपियाई समकक्ष के साथ की द्विपक्षीय वार्ता
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने इथियोपियाई समकक्ष डॉ. अबी अहमद अली के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें दोनों देशों ने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमति जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह कदम भारत–इथियोपिया संबंधों को नई ऊर्जा, गति और गहराई देगा। वार्ता में अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य और बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई।
आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और छात्रवृत्ति दोगुनी
मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संघर्ष में इथियोपिया के समर्थन के लिए आभार जताया और भारत में इथियोपियाई छात्रों के लिए छात्रवृत्ति दोगुनी करने की घोषणा की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क और संवाद रहा है तथा दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों और ‘ग्लोबल साउथ’ के साझेदार हैं।