दुनिया

क्वाड देशों के राजदूतों ने बीजिंग में की बैठक, तस्वीर भी दिखाई, ड्रैगन का भड़कना तय

चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू ने बीजिंग में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत सहित चारों राजदूतों की एक तस्वीर भी पोस्ट की। यहां भारतीय दूतावास ने अभी तक इस बैठक पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

QUAD china

बीजिंग में QUAD देशों के राजदूतों की बैठक

Quad countries meeting in Beijing- अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान से मिलकर बने क्वाड देशों के राजदूतों ने बीजिंग में एक दुर्लभ सार्वजनिक बैठक कर चीन को साफ संकेत दे दिया। इस मुलाकात पर ड्रैगन का भड़कना तय है। चीन में अमेरिकी राजदूत डेविड पर्ड्यू ने X पर एक तस्वीर के साथ इसे पोस्ट किया। यह बैठक मंगलवार को बीजिंग स्थित अमेरिकी दूतावास में हुई। पर्ड्यू ने अपनी पोस्ट में कहा कि क्वाड्रिलैटरल सिक्योरिटी डायलॉग (Quad) एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बनाए रखने में एक सकारात्मक शक्ति है।

क्वाड देशों के राजदूतों की बैठक

उन्होंने कहा, बीजिंग में क्वाड देशों के राजदूतों से मिलकर मुझे खुशी हुई। उन्होंने आगे कहा, चारों देशों - संयुक्त राज्य अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, भारत और जापान के बीच संबंध स्थिर और मजबूत बने हुए हैं। उन्होंने बीजिंग में भारतीय राजदूत प्रदीप कुमार रावत सहित चारों राजदूतों की एक तस्वीर भी पोस्ट की। यहां भारतीय दूतावास ने अभी तक इस बैठक पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

चीन करता रहा है आलोचना

चीन वर्षों से क्वाड का कड़ा आलोचक रहा है और उसने अभी तक इस बैठक पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अतीत में क्वाड बैठकों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजिंग ने कहा था कि वह देशों द्वारा गुट बनाने, समूह राजनीति में शामिल होने और गुट टकराव का विरोध करता है।

इस वर्ष जनवरी में आयोजित क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक पर अपनी प्रतिक्रिया में चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन हमेशा से इस बात का समर्थक रहा है कि देशों के बीच सहयोग किसी तीसरे पक्ष को निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन का मानना है कि देशों के बीच सहयोग किसी तीसरे पक्ष को निशाना नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समूह राजनीति और गुट टकराव से स्थायी शांति और सुरक्षा नहीं मिलेगी, और यह एशिया-प्रशांत क्षेत्र और समग्र रूप से विश्व में शांति और स्थिरता के लिए अनुकूल नहीं है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article