दुनिया

चीन और जापान में भूकंप के झटके, 6.3 तीव्रता से कांपी धरती, एक की मौत-चार घायल; अलर्ट जारी

चीन और जापान में आए भूकंप के झटकों से काफी नुकसान हुआ है। चीन में रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था।

Image

भूकंप (फोटो-Istock)

चीन और जापान के कुछ हिस्सों पर मंगलवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। जानकारी के मुताबिक, चीन उत्तर-पश्चिमी प्रांत किंगहाई के हासी (Haixi) में मंगलवार को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। इस घटना से जुड़ी मुख्य जानकारी नीचे दी गई है। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.3 मापी गई। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। इस प्राकृतिक आपदा में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई है और चार अन्य लोगों के घायल होने की खबर है।

भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए, जिनमें से एक की तीव्रता 4.9 थी। चीन भूकंप प्रशासन ने तुरंत इमरजेंसी रिस्पास (आपातकालीन प्रतिक्रिया) शुरू कर दी है। एपिसेंटर के पास स्थित कोयला खदानों से सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और बचाव दल फंसे हुए लोगों की तलाश में जुटे हैं।

टोक्यो में 5.5 तीव्रता का भूकंप

जापान के पूर्वी हिस्से में मंगलवार को 5.5 तीव्रता के प्रारंभिक अनुमान वाला भूकंप आया। हालांकि सुनामी का कोई खतरा नहीं है। यह जानकारी मौसम विज्ञान एजेंसी ने दी। जापान के पूर्वी क्षेत्र में तोक्यो भी आता है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम 7:46 बजे तोक्यो के उत्तर-पूर्व में स्थित इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में आया और इसका केंद्र जमीन से लगभग 50 किलोमीटर नीचे स्थित था।

अग्निशमन और आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि अब तक भूकंप से किसी तरह के नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। जापानी मीडिया ने ईस्ट जापान रेलवे कंपनी के हवाले से बताया कि उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में चलने वाली शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों को सुरक्षा जांच के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके अनुसार, भूकंप के कारण जोएत्सु और होकुरिकु शिंकानसेन लाइन के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article