दुनिया

दुबई एयर शो 2025 में भारत की दमदार उपस्थिति, स्वदेशी तेजस दुनिया के सामने करेगा शक्ति प्रदर्शन

दुबई एयर शो 2025 में भारत अपनी उन्नत रक्षा क्षमता, तकनीक और स्वदेशी प्लेटफॉर्म्स का बड़ा प्रदर्शन करेगा। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम और एलसीए तेजस हवाई करतब दिखाएंगे। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत का नेतृत्व करेंगे और यूएई के साथ रक्षा सहयोग पर बैठक भी करेंगे।

Image

दुबई एयर शो तेजस दिखाएगा शक्ति (फोटो-IAF)

संयुक्त अरब अमीरात में होने वाले दुबई एयर शो 2025 में भारत अपनी आधुनिक रक्षा क्षमता, उन्नत प्रौद्योगिकी और उद्योग सामर्थ्य का व्यापक प्रदर्शन करने जा रहा है। भारतीय वायुसेना इस प्रतिष्ठित शो में शामिल होगी, जहां सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम और स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान एलसीए तेजस दुबई के आसमान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे।

कब है दुबई में एयर शो

यह आयोजन 17 और 18 नवंबर को दुबई में होगा। भारत की ओर से रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा, जिसमें रक्षा मंत्रालय, रक्षा उत्पादन, विदेश मंत्रालय और तीनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन के साथ-साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें और उद्योग सहयोग पर चर्चाएं भी होंगी। दुबई एयर शो में संजय सेठ अपने यूएई समकक्षों से मुलाकात करेंगे, जिसका उद्देश्य भारत-यूएई रक्षा साझेदारी को सुदृढ़ करना, रक्षा निर्माण, तकनीकी सहयोग और रणनीतिक आदान–प्रदान को आगे बढ़ाना होगा।

कई कंपनियों के साथ मीटिंग

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, संजय सेठ लगभग 50 अंतरराष्ट्रीय रक्षा व एयरोस्पेस कंपनियों के साथ एक प्रमुख उद्योग गोलमेज बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इसमें भारत, यूएई, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, यूके और इटली की अग्रणी कंपनियां शामिल होंगी। इस चर्चा का लक्ष्य रक्षा निर्माण, तकनीकी हस्तांतरण, नवाचार तथा भविष्य की साझेदारियों को मजबूत करना रहेगा। वह दुबई एयर शो में स्थापित ‘इंडिया पविलियन’ का उद्घाटन भी करेंगे, जिसमें भारत की प्रमुख रक्षा व तकनीकी संस्थाएं अपने उत्पाद और नवाचार प्रस्तुत करेंगी।

भारतीय कंपनियों का शक्ति प्रदर्शन

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड, डीआरडीओ, कोरल टेक्नोलॉजी सहित कई कंपनियां यहां अपनी अत्याधुनिक तकनीकें प्रदर्शित करेंगी। इसके अतिरिक्त 19 भारतीय उद्योग समूह स्वतंत्र रूप से अपने स्टॉल लगाएंगे, जिनमें भारत फोर्ज, ब्रह्मोस एयरोस्पेस, टेक महिंद्रा, एचबीएल इंजीनियरिंग आदि शामिल हैं। ये कंपनियां मिसाइल सिस्टम, एयरोस्पेस समाधान, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और रक्षा डिजिटलाइजेशन जैसी क्षमताओं को दिखाएंगी। वहीं 15 भारतीय स्टार्टअप अपनी एआई आधारित तकनीक, सेंसर प्रणाली, स्वायत्त प्लेटफॉर्म और उभरती सैन्य प्रणालियां पेश करेंगे।

स्वदेशी तेजस पर सबकी निगाहें

भारतीय वायुसेना की भागीदारी इस आयोजन में विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। सूर्यकिरण टीम जहां अपने शानदार हवाई करतब दिखाएगी, वहीं स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान भी वैश्विक दर्शकों का ध्यान खींचेगा। तेजस की अंतरराष्ट्रीय मांग लगातार बढ़ रही है और इस शो में उसकी मौजूदगी भारत की बढ़ती एयरोस्पेस शक्ति और आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करेगी।

दुनिया का सबसे बड़ा एयरशो

दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली एयरोस्पेस आयोजनों में से एक है। 2025 के संस्करण में 150 देशों के 1,500 से अधिक प्रदर्शक और 1,48,000 से अधिक पेशेवर सहभागी शामिल होंगे। एयरबस, लॉकहीड मार्टिन, डसॉल्ट, बॉम्बार्डियर, थालेस और एम्ब्रेयर जैसी वैश्विक दिग्गज भी इस शो में मौजूद रहेंगी। दुबई एयर शो 2025 में भारत की भागीदारी न केवल देश की रक्षा प्रौद्योगिकी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को विश्व मंच पर मजबूत करेगी, बल्कि वैश्विक रक्षा सहयोग, निवेश और तकनीकी साझेदारी के नए अवसर भी खोलेगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article