दुनिया

हॉर्मुज में भिड़े अमेरिका-ईरान: अमेरिकी युद्धपोतों पर मिसाइल और ड्रोन हमला, ट्रंप की चेतावनी: 'सौदा कर लो वरना अंजाम बुरा होगा'

हॉर्मुज जलडमरूमध्य में तीन अमेरिकी युद्धपोतों पर ईरानी हमले के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने इसे 'लव टैप' बताते हुए कहा कि ईरान को परमाणु डील जल्द साइन करनी होगी वरना गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

Image

ईरानी मीडिया ने जारी हमले की तस्वीर

खाड़ी क्षेत्र में तनाव उस समय चरम पर पहुंच गया जब हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन अमेरिकी विध्वंसक (Naval Destroyers) युद्धपोतों पर ईरान ने भीषण हमला कर दिया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की है कि 'वर्ल्ड क्लास' अमेरिकी युद्धपोतों ने भारी गोलीबारी के बीच सफलतापूर्वक यह मार्ग पार कर लिया है। ट्रंप ने इसे ईरान के लिए एक "लव टैप" (Love Tap) बताते हुए सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि ईरान ने जल्द ही परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए, तो उसे इससे भी अधिक घातक सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

ट्रंप का 'बटरफ्लाई' तंज: समुद्र में गिरे ईरानी ड्रोन

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर इस घटना का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि ईरान ने मिसाइलों, ड्रोनों और छोटी नौकाओं के जरिए अमेरिकी युद्धपोतों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन अमेरिकी सुरक्षा घेरे ने उन्हें आसानी से ध्वस्त कर दिया।

ट्रंप ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा, "मिसाइलें दागी गईं जिन्हें आसानी से गिरा दिया गया। ईरानी ड्रोन हवा में ही जलकर राख हो गए और समुद्र में ऐसे गिरे जैसे कोई तितली अपनी कब्र की ओर गिर रही हो (Like a butterfly dropping to its grave!)।" ट्रंप के अनुसार, इस हमले में ईरानी नौकाएं समुद्र की गहराई में डूब गईं और उनके हमलावर बुरी तरह तबाह हो गए।

'पागलों के नेतृत्व में है ईरान'

ईरानी नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान कोई 'सामान्य देश' नहीं है, बल्कि इसे "पागल लोग" चला रहे हैं। उन्होंने दोहराया कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रंप ने चेतावनी दी, "अगर उन्होंने जल्दी डील साइन नहीं की, तो भविष्य में हम उन पर कहीं अधिक कठोर और हिंसक प्रहार करेंगे।"

अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी

घटना के बाद तीनों अमेरिकी विध्वंसक अब इस क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक घेराबंदी (Naval Blockade) में फिर से शामिल हो गए हैं, जिसे ट्रंप ने "वॉल ऑफ स्टील" करार दिया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने स्पष्ट किया कि अमेरिकी सेना ने उन ईरानी सुविधाओं को निशाना बनाया है जो अमेरिकी युद्धपोतों पर 'अकारण' हमले करने के लिए जिम्मेदार थीं।

ईरान का पलटवार: 'सीजफायर का उल्लंघन'

दूसरी ओर, ईरान के सरकारी मीडिया ने अमेरिका पर ही युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाया है। ईरान का दावा है कि अमेरिका ने केशम द्वीप, बंदर खमीर और सीरिक के पास नागरिक तटीय क्षेत्रों पर हमला किया है। तेहरान ने इस आक्रामकता का करारा जवाब देने की कसम खाई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article