दुनिया

Iran Israel Conflict: पश्चिम एशिया में तनाव के बीच डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा, बोले- 'ईरान और इजरायल युद्धविराम के लिए तैयार'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर बड़ा दावा किया है कि ईरान और इजरायल तुरंत युद्धविराम (Ceasefire) के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि अंतिम शांति वार्ता तेजी से आगे बढ़ रही है और अंतिम डील होने तक नाकाबंदी जारी रहेगी।

Image

डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा (फाइल फोटो | AP)

Photo : AP

Iran Israel War: पश्चिम एशिया में जारी महायुद्ध के बीच एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि रविवार और सोमवार को हुई भीषण मिसाइल गोलाबारी के बाद अब इजरायल और ईरान, दोनों ही पक्ष तुरंत युद्धविरामकरने के लिए तैयार हैं।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए लिखा:

"दोनों पक्ष, इजरायल और ईरान, तुरंत युद्धविराम करना चाहते हैं! 'शांति' पर अंतिम दौर की बातचीत आगे बढ़ रही है, बशर्ते कोई अज्ञानता या मूर्खता इसके आड़े न आ जाए। जब तक कोई 'अंतिम समझौता' नहीं हो जाता, तब तक नाकाबंदी पूरी ताकत और प्रभाव के साथ लागू रहेगी। चीजें तेजी से आगे बढ़नी चाहिए। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!"

ट्रंप के इस ताजा बयान से साफ है कि पिछले 24 घंटों से जारी भीषण सैन्य तनाव के बाद पर्दे के पीछे चल रही राजनयिक कोशिशें रंग ला रही हैं और क्षेत्र एक बड़े युद्ध की आग में झुलसने से बच सकता है।

रविवार से भड़की थी भीषण आग

इस ताजा हिंसा की शुरुआत रविवार को हुई थी, जब इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर भारी हवाई हमले किए। इस कार्रवाई के जवाब में ईरान ने इजरायल पर पलटवार करते हुए मिसाइलें दागीं, जिसके बाद सोमवार को दोनों पक्षों के बीच सीधे और भीषण हमले शुरू हो गए। इस गोलाबारी से ऐसा लग रहा था कि दोनों देशों के बीच हुआ पिछला संघर्षविराम पूरी तरह टूट चुका है।

ईरान ने हालात के लिए अमेरिका को बताया जिम्मेदार

बता दें कि ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने सोमवार को ही कहा कि इजराइल द्वारा मध्य पूर्व में किसी भी प्रकार का तनाव बढ़ने के परिणामों के लिए अमेरिका जिम्मेदार है। तेहरान में पत्रकारों के साथ एक ब्रीफिंग में यह टिप्पणी की। बाघेई ने कहा, कोई भी यह नहीं मानता कि इजराइली शासन संयुक्त राज्य अमेरिका के समन्वय के बिना कोई कार्रवाई करेगा। इजराइली शासन की आक्रामकता के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका जिम्मेदार है, और तनाव में किसी भी प्रकार की वृद्धि के परिणामों के लिए भी वही जिम्मेदार होगा।

इजराइल ने कहा है कि ईरान ने उस पर मिसाइलें दागी हैं जो अप्रैल की शुरुआत में नाजुक युद्धविराम लागू होने के बाद ईरान की ओर से किया गया इस तरह का पहला हमला है। इस हमले के बाद युद्ध समाप्त करने के मकसद से समझौते के लिए मध्यस्थता के प्रयास और जटिल हो गए हैं। तेहरान ने रविवार को इजराइल द्वारा बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर हमला किए जाने के बाद जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article