US Israel Relation: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Trump) और इजरायली के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने शुक्रवार को फोन पर बातचीत के दौरान जल्द अमेरिका में मुलाकात करने पर सहमति जताई। इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने अमेरिका की स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने पर ट्रंप को बधाई दी और कहा कि अमेरिका दुनिया की आजादी का सबसे बड़ा संरक्षक है और इजरायल दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को बेहद महत्व देता है।" हालांकि प्रस्तावित बैठक की तारीख और स्थान का फिलहाल खुलासा नहीं किया गया है।
ईरान वार्ता और पश्चिम एशिया के हालात पर टिकी निगाहें
दोनों नेताओं की प्रस्तावित मुलाकात ऐसे समय होने जा रही है जब पश्चिम एशिया में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच कूटनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हाल के दिनों में ट्रंप ने लेबनान और ईरान से जुड़े मुद्दों पर नेतन्याहू की कुछ नीतियों की सार्वजनिक आलोचना भी की थी।
वार्ता का अगला दौर जल्द होगा शुरू
वहीं, कतर ने हाल ही में बताया कि दोहा में अमेरिकी और ईरानी प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत में सकारात्मक प्रगति हुई है और पूर्व ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद वार्ता का अगला दौर जल्द आयोजित किया जाएगा। हाल ही में ट्रंप ने नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से आलोचना की है, क्योंकि लेबनान में हिजबुल्लाह के साथ इजरायल के युद्ध ने ईरान के साथ शांति वार्ता को खतरे में डाल दिया था।
'14 सूत्री समझौता ज्ञापन पर बन गई बात'
कतर और पाकिस्तान ने 1 जुलाई को दोहा में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों के साथ अलग-अलग बैठकें संपन्न कीं और कतर के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार, 14 सूत्री समझौता ज्ञापन (एमओयू) से संबंधित मुद्दों पर अच्छी बातचीत हुई है। कतर के विदेश प्रवक्ता ने कहा, "दोनों पक्ष आगामी समय में चर्चा जारी रखने पर सहमत हुए हैं, और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता के अंतिम संस्कार जुलूस के बाद यथाशीघ्र अगली बैठक निर्धारित की जाएगी।"
