दुनिया

ईरान, ताइवान और परमाणु हथियार! ट्रंप ने शी जिनपिंग को मिलाया फोन, बढ़ी वैश्विक चिंता

परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए ईरान पर वर्षों से लागू पाबंदियों के कारण देश अलग-थलग पड़ गया है। हालांकि विश्व व्यापार संगठन के अनुसार 2024 में ईरान ने 125 अरब अमेरिकी डॉलर का अंतरराष्ट्रीय व्यापार किया, जिसमें से 32 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार चीन से हुआ।

Image

ट्रंप-जिनपिंग (ANI)

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ फोन पर चर्चा की। ईरान को अलग-थलग करने के लिए चीन और अन्य देशों पर दबाव बनाने के अमेरिकी प्रशासन के प्रयासों के बीच दोनों नेताओं ने बातचीत की है।इसके अलावा जिनपिंग ने बुधवार को ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से भी फोन पर बात की।

ट्रंप ने कहा कि उन्होंने जिनपिंग से व्यापार और ताइवान समेत अमेरिका-चीन संबंधों से जुड़े मुद्दों और अप्रैल में चीन यात्रा की अपनी योजना पर भी बात की। उन्होंने फोन पर हुई बातचीत के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि चीन और राष्ट्रपति शी के साथ मेरे व्यक्तिगत संबंध बहुत अच्छे हैं और हम दोनों को पता है कि संबंध को जस का तस रखना कितना महत्वपूर्ण है।

चीन सरकार ने बातचीत के बारे में जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि दोनों नेताओं ने आगामी वर्ष में दोनों देशों की अलग-अलग मेजबानी में होने वाले प्रमुख सम्मेलनों और अपनी मुलाकात के संभावित अवसरों पर चर्चा की। हालांकि चीन सरकार ने अप्रैल में ट्रंप की संभावित चीन यात्रा का कोई उल्लेख नहीं किया।

चीन ने यह भी स्पष्ट किया कि चीन की मुख्यभूमि से ताइवान के विलय की लंबे समय से जारी योजना से पीछे हटने का उसका कोई इरादा नहीं है। चीन का दावा है कि ताइवान उसका हिस्सा है। चीनी बयान में कहा गया है कि चीन ताइवान को कभी अलग नहीं होने देगा।

ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करने पर लगातार जोर दे रहे ट्रंप ने पिछले महीने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि वह ईरान से कारोबार करने वाले देशों से अमेरिका में होने वाले आयात पर 25 प्रतिशत तक कर लगाएंगे।

गौरतलब है कि परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए ईरान पर वर्षों से लागू पाबंदियों के कारण देश अलग-थलग पड़ गया है। हालांकि विश्व व्यापार संगठन के अनुसार 2024 में ईरान ने 125 अरब अमेरिकी डॉलर का अंतरराष्ट्रीय व्यापार किया, जिसमें से 32 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार चीन से हुआ। इसके अलावा 28 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार संयुक्त अरब अमीरात और 17 अरब अमेरिकी डॉलर का व्यापार तुर्किये के साथ किया गया।

शी की पुतिन और ट्रंप से बातचीत ऐसे समय में हुई है जब रूस और अमेरिका के बीच ’न्यू स्टार्ट’ के नाम से जानी जाने वाली अंतिम शेष परमाणु संधि बृहस्पतिवार को समाप्त होने वाली है। इस संधि के समाप्त होने से पहली बार, 50 साल से अधिक समय में, दोनों देशों के परमाणु शस्त्रागारों पर कोई सीमा नहीं रहेगी। ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह परमाणु हथियारों पर सीमा बनाए रखना चाहते हैं, लेकिन वह किसी संभावित नयी संधि में चीन को भी शामिल करना चाहते हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article