देश

आज का मौसम कैसा रहेगा, 27 नवंबर 2026: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाइए तैयार! 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट, जानें दिल्ली-UP का हाल

Aaj ka Mausam (24 november 2026) Mausam Vibhag Ka Alert, Pure Bharat Ke Masuam Ki Jankari: उत्तर भारत में ठंड और घने कोहरे का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोहरे की चेतावनी जारी की है। राजस्थान में शीतलहर के आसार हैं, जबकि तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश का अनुमान है।

Image

Today Weather Updates: जानें दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों के मौसम का हाल। AI IMAGE

Today Weather Updates: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। नवंबर के आखिरी दिनों में उत्तर भारत में ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के साथ घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। मौसम के इस बदलते रुख को देखते हुए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में उत्तर भारत के लोगों को ठंड और कम दृश्यता से सावधान रहने की जरूरत है, जबकि दक्षिण भारत में बारिश के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

winter india

उत्तर भारत राज्यों में लगातार गिर रहा पारा। istock

13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के कई राज्यों में 27 से 28 नवंबर के बीच सुबह के समय घना कोहरा छाने की आशंका है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में दृश्यता कम हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।

कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में सुबह के वक्त यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कम दृश्यता के दौरान धीमी गति से गाड़ी चलाने की सलाह दी है।

राजस्थान में शीतलहर, कई इलाकों में गिरेगा पारा

उत्तर और मध्य भारत में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान में 26 से 28 नवंबर के बीच शीतलहर की चेतावनी दी है।

इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। राजस्थान के सीकर में 6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली में भी इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।

winter india 2

शीतलहर की चपेट में राजस्थान के कई शहर। istock

पहाड़ों पर जमने लगी झीलें

पहाड़ी राज्यों में भी सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने के कारण झीलों और जलाशयों का पानी जमने लगा है।

कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो घाटी में सबसे कम रहा। वहीं, श्रीनगर में लगातार दूसरी रात तापमान माइनस 1.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश के ताबो में पारा माइनस 4.2 डिग्री तक पहुंच गया। पहाड़ी इलाकों में रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

winter india 3

म्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे। istock

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

उत्तर भारत में जहां ठंड और कोहरा बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है। केरल और माहे में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और देर रात ठंड का एहसास ज्यादा होगा।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही उत्तर भारत में सर्दी और बढ़ने के संकेत हैं। मैदानी इलाकों में तापमान गिरने से सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ सकती है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में पाला और कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

मौसम के इस बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सुबह और रात के समय गर्म कपड़े पहनने, कोहरे में वाहन सावधानी से चलाने और बारिश प्रभावित इलाकों में मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article