दुनिया

ट्रंप-मस्क में तनातनी और बढ़ी, US राष्ट्रपति बोले-मैंने हमेशा उनकी मदद की, विवाद के बीच टेस्ला का शेयर लुढ़का

अमेरिकी राष्ट्रपति के बजट बिल को लेकर दोनों के बीच विवाद और अधिक तीखा हो गया। मस्क ने कहा कि ट्रंप उनकी मदद के बिना चुनाव नहीं जीत सकते थे, जिस पर ट्रंप ने पलटवार करते हुए संकेत दिए कि वे टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी मस्क की कंपनियों के खिलाफ संघीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस राजनीतिक तनाव से घबराए निवेशकों ने टेस्ला से हाथ खींच लिया।

Image

ट्रंप प्रशासन से कुछ दिन पहले अलग हो गए एलन मस्क।

Elon Musk Trump feud : अमेरिकी राष्ट्रपति और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क के रिश्तों में आई दरार और चौड़ी हो गई है। अब राष्ट्रपति ट्रंप ने मस्क पर हमला बोला है। ट्र्रंप ने कहा है कि उन्होंने हमेशा एलन मस्क की मदद की और अब वह उनकी कंपनियों के खिलाफ फेडरल एजेंसियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस बीच, टेस्ला के शेयर में भारी गिरावट दर्ज हुई है। इस सार्वजनिक टकराव के चरम पर ट्रंप ने मस्क की सरकारी डील्स खत्म करने की धमकी दी, तो मस्क ने पलटवार करते हुए दावा किया कि ट्रंप प्रशासन ने जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी सारी फाइलें इसलिए सार्वजनिक नहीं कीं क्योंकि उनमें खुद ट्रंप का जिक्र है।

इस साल मंदी आ सकती है-मस्क

मस्क ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर ट्रंप के महाभियोग की मांग की और उनके सिग्नेचर टैरिफ्स (आयात शुल्क) की आलोचना करते हुए कहा कि इससे इस साल मंदी आ सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति और दुनिया के सबसे अमीर शख्स के बीच यह खुला विवाद तब सामने आया जब जर्मनी के नए चांसलर के साथ व्हाइट हाउस मीटिंग में ट्रंप से मस्क की आलोचनाओं पर सवाल पूछा गया। एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच तनातनी का असर टेस्ला पर साफ नजर आया। गुरुवार को मस्क की इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी के शेयरों में जबरदस्त गिरावट आई।

और तीखा हुआ विवाद

अमेरिकी राष्ट्रपति के बजट बिल को लेकर दोनों के बीच विवाद और अधिक तीखा हो गया। मस्क ने कहा कि ट्रंप उनकी मदद के बिना चुनाव नहीं जीत सकते थे, जिस पर ट्रंप ने पलटवार करते हुए संकेत दिए कि वे टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी मस्क की कंपनियों के खिलाफ संघीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस राजनीतिक तनाव से घबराए निवेशकों ने टेस्ला से हाथ खींच लिया, जिससे कंपनी के शेयर 14% से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए।

बजट में सब्सिडी खत्म करने का है प्रावधान

इससे पहले ट्रंप ने मस्क के साथ अपना गठजोड़ टूटने पर दुख व्यक्त किया था और उद्योगपति मस्क के रुख को लेकर अपनी 'निराशा' जाहिर की थी। इसके कुछ ही घंटे बाद ट्रंप ने मस्क के मुनाफे को नुकसान पहुंचाने के लिए अमेरिकी सरकार के इस्तेमाल की चेतावनी देकर इस झगड़े को और बढ़ा दिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया नेटवर्क पर लिखा, 'हमारे बजट में, अरबों-खरबों डॉलर की बचत करने का सबसे आसान तरीका एलन की सरकारी सब्सिडी और अनुबंधों को समाप्त करना है। मैं हमेशा सोचता था कि (पूर्व राष्ट्रपति जो) बाइडन ने ऐसा क्यों नहीं किया।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article